भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार ट्रक ने सिग्नल पर रुकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में पत्नी का सिर ट्रक के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए दुर्ग रेफर किया गया है। हादसे के बाद से परिवार में मातम छाया हुआ है।
घटना का विवरण
रविवार रात करीब 11:30 बजे खुर्सीपार गेट के पास यह हादसा हुआ। घायल पति नीलेश अग्रवाल, जो इंडस्ट्रियल एरिया में नौकरी करता है, अपनी पत्नी खिलेश्वरी उर्फ छोटी को मायके से वापस लाने गया था। मरोदा सेक्टर के इंदिरा चौक निवासी यह दंपति बाइक पर लौट रहा था।
सिग्नल पर रुकने के दौरान अचानक पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस टक्कर से नीलेश बाइक से दूर जा गिरा, जबकि खिलेश्वरी ट्रक के पहिए के नीचे आ गई। ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
पति की हालत नाजुक
हादसे में नीलेश को गंभीर चोटें आई हैं, और उसका पैर फैक्चर हो गया है। उसे पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, लेकिन स्थिति बिगड़ने के कारण दुर्ग रेफर कर दिया गया।
मासूम बेटी से छिनी मां की ममता
खिलेश्वरी गृहिणी थी और नीलेश के साथ उनकी दो साल की बेटी भी है। इस हादसे ने मासूम बच्ची से उसकी मां का साया छीन लिया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश जारी है। खिलेश्वरी के शव का पोस्टमॉर्टम आज किया जाएगा।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

