रायपुर मेकाहारा अस्पताल से एक दिन के नवजात बच्चे की चोरी: आरोपी महिला को पुलिस ने रेलवे स्टेशन से घंटे भर में किया गिरफ्तार....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग ) रायपुर के मेकाहारा अस्पताल से एक दिन के नवजात बच्चे की चोरी का मामला सामने आया है। इस चौंकाने वाली घटना में पुलिस ने महज एक घंटे में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया, जो बच्चे को चुराकर बिलासपुर भागने की कोशिश कर रही थी। पुलिस को संदेह है कि महिला किसी बच्चा चोर गिरोह से जुड़ी हुई है और ऐसा पहले भी कर चुकी है। 

मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है। शनिवार दोपहर लगभग 1:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मेकाहारा अस्पताल के डिलीवरी वार्ड से एक नवजात बच्चा गायब हो गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की, जिसमें एक महिला और उसकी बेटी को देखा गया, जो नवजात बच्चे के साथ अस्पताल से बाहर जाते हुए दिखे। 

पुलिस ने महिला के भागने का रास्ता ट्रैक किया और जल्दी ही पता चला कि वह रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी। स्टेशन पर पहुंचने पर, महिला प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर अपनी बेटी के साथ बच्चा गोद में लेकर ट्रेन का इंतजार कर रही थी, जो बिलासपुर की ओर जा रही थी। ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आने से पहले ही पुलिस ने महिला को पकड़ लिया।

आरोपी महिला की पहचान 45 वर्षीय रानी साहू के रूप में हुई है। वह अस्पताल में एक अन्य बच्चे के साथ भर्ती थी और लगातार नवजात बच्चों को चुराने के लिए अस्पताल का दौरा कर रही थी। एक दिन पहले, जब नीता नाम की महिला ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया, तो आरोपी महिला ने उसे गोद में लेकर बच्चे को प्यार से खिलाने का बहाना बनाया। इसके बाद नीता के परिवारवालों ने सावधानी नहीं बरती और अनजान महिला को बच्चा सौंप दिया। उसी मौके का फायदा उठाते हुए रानी साहू ने बच्चा चुरा लिया।

पुलिस पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि महिला ने पहले भी प्रयागराज में अपने खुद के बच्चे को बेचने का प्रयास किया था, हालांकि इस बात की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। 

अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है और सुरक्षा में हुई चूक के लिए वार्ड के सुरक्षा गार्ड को हटा दिया गया है। उन्होंने अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों और उनके परिवारों से अपील की है कि वे किसी भी अपरिचित व्यक्ति से मेलजोल न बढ़ाएं। 

यह घटना एक बड़ी चूक को उजागर करती है, जिससे अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा प्रबंधन को कड़ी चेतावनी मिलती है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV