भिलाई में पॉलिटेक्निक छात्र ने की आत्महत्या , खुदकुशी की वजह अज्ञात , जांच में जुटी पुलिस...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित सुपेला क्षेत्र के वार्ड 10 आदर्श पारा में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। लवकुश पांडेय, जो पॉलिटेक्निक कॉलेज का छात्र था, ने अपने घर के पीछे परछी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से परिवार सदमे में है, और खुदकुशी की वजह को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।  

शनिवार की शाम लगभग 6 बजे लवकुश अपने घर पर बैठा हुआ था। परिवार के मुताबिक, उसने सामान्य तरीके से खाना खाया और फिर चुपचाप घर के अंदर से बाहर निकल गया। कुछ देर बाद उसकी मां कुसुम, जो घर के पीछे बोर चालू करने गई थीं, ने देखा कि परछी में लवकुश का शव फांसी पर लटक रहा है। यह दृश्य देखकर उन्होंने जोर से चीख लगाई, जिससे घर के बाकी लोग मौके पर पहुंचे।  

रस्सी के सहारे फंदा बनाकर लवकुश ने आत्महत्या की थी। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सुपेला थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।  

लवकुश अपने परिवार का सबसे छोटा सदस्य था। उसके पिता सुनील पांडेय ड्राइवर हैं, जबकि मां कुसुम गृहिणी हैं। बड़ा भाई मनीष बीटेक कर रहा है और बहन भी पढ़ाई कर रही है। परिवार के मुताबिक, लवकुश का किसी से कोई विवाद नहीं था और न ही वह किसी प्रेम प्रसंग में था। घटना से कुछ ही समय पहले वह सामान्य और खुश दिखाई दिया था।  

लवकुश के मामा ने कहा, “वह हमेशा शांत स्वभाव का था। घटना से पहले वह मां से खाना मांगकर आराम से खाना खाया था। उसके इस कदम ने हमें पूरी तरह से तोड़ दिया है। कोई कारण समझ नहीं आ रहा कि उसने ऐसा क्यों किया।”  

पुलिस की जांच जारी

सुपेला पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि कहीं लवकुश किसी मानसिक तनाव, पढ़ाई के दबाव, या किसी अन्य परेशानी से तो नहीं जूझ रहा था।  


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV