पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड: सियासी आरोप-प्रत्यारोप और नेताओ का सोशल मिडिया वार....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या का मामला सामने आया है। 3 जनवरी को उनकी लाश एक सेप्टिक टैंक से बरामद हुई। पुलिस ने तीन आरोपियों- रितेश चंद्राकर, दिनेश और महेंद्र रामटेके को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी ठेकेदार सुरेश चंद्राकर अभी फरार है।

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस घटना से पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है। मुकेश को जानने वाले उनकी हत्या पर शोक व्यक्त कर रहे हैं, और आम जनता के बीच भी इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है। दूसरी तरफ, इस मामले को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भाजपा और कांग्रेस के नेता सोशल मीडिया पर एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं।

हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सुरेश चंद्राकर के राजनीतिक संबंधों को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। भाजपा ने सुरेश को कांग्रेसी कॉन्ट्रैक्ट किलर बताया है, जबकि कांग्रेस का दावा है कि सुरेश भाजपा में शामिल हो चुका था। इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बहस चल रही है।

कांग्रेस की पहली प्रतिक्रिया

3 जनवरी को रात 8:31 बजे कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से एक पोस्ट किया गया। इसमें दो तस्वीरें शामिल थीं—पहली तस्वीर में मुकेश और दूसरी में वह सेप्टिक टैंक दिखाई दे रहा था, जहां उनकी लाश मिली।

पोस्ट में छत्तीसगढ़ में भाजपा के कथित जंगलराज की बात कही गई। इसमें लिखा गया कि मुकेश ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का खुलासा किया था, जिससे ठेकेदार नाराज हो गया। ठेकेदार ने उन्हें बुलाकर उनकी हत्या कर दी और लाश को अपने घर के सेप्टिक टैंक में छुपा दिया। कांग्रेस ने इस पोस्ट में भाजपा पर कानून व्यवस्था फेल होने का आरोप लगाया और पत्रकार के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

भाजपा की प्रतिक्रिया

कांग्रेस की इस पोस्ट के बाद भाजपा छत्तीसगढ़ ने दो प्रतिक्रियाएं दीं। पहली पोस्ट 3 जनवरी को रात 11:35 बजे और दूसरी रात 12:11 बजे की गई। इन पोस्ट्स में मुकेश की हत्या पर संवेदना व्यक्त किए बिना मुख्य आरोपी सुरेश चंद्राकर के कांग्रेस से संबंधों को उजागर करने का प्रयास किया गया।

दूसरी पोस्ट में कांग्रेस की पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए लिखा गया, “कॉन्ट्रैक्टर है या कांग्रेसी कॉन्ट्रैक्ट किलर!! कांग्रेसियों की राजनीति का घृणित रूप उजागर हो गया है। बीजापुर में हुई पत्रकार मुकेश चंद्राकर जी की हत्या के आरोपी सुरेश चंद्राकर के कांग्रेस नेताओं से गहरे संबंध हैं। 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सुरेश को एससी मोर्चा के प्रदेश सचिव के पद पर नियुक्त किया था।” पोस्ट में कांग्रेस पर तीखे सवाल उठाए गए और इसे अपराधियों की पार्टी बताया गया। साथ ही राहुल गांधी से जवाब मांगते हुए #कांग्रेस_का_हाथ_अपराधियों_के_साथ जैसे हैशटैग का इस्तेमाल किया गया।

इसके बाद, भाजपा आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने भी एक पोस्ट किया, जिसमें सुरेश के कांग्रेस से संबंधों का उल्लेख किया गया। भाजपा छत्तीसगढ़ ने इसे भी रीपोस्ट किया।

इस पूरे घटनाक्रम में राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं, जबकि पत्रकारों और आम जनता में न्याय की मांग उठ रही है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV