पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी दी कि 28 जनवरी 2025 की रात करीब 2:30 बजे यह घटना घड़ी चौक के पास, ओवरब्रिज के नीचे, लक्ष्मी मेडिकल के सामने मुख्य सड़क पर घटी। पीड़ित दुर्गेश्वर साहू ने 27-28 जनवरी 2025 की दरमियानी रात अपना लोडेड ट्रक खड़ा कर अपने घर, शांति नगर, सुपेला चले गए थे। जब वह वापस लौटे, तो ट्रक मौके पर नहीं था। उनकी शिकायत पर अपराध क्रमांक 123/2025 के तहत धारा 305(बी) भारतीय दंड संहिता में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजीव कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि आरोपी ने पीड़ित के ट्रक (सीजी 07 एन ए 5125) को चोरी कर उसमें लदे 25.510 मीट्रिक टन स्ट्रीप क्वॉइल, जिसकी कीमत 12,89,567 रुपए थी, समेत पूरे ट्रक की कुल 22,89,567 रुपए की संपत्ति लेकर फरार हो गया था।
चोरी किए गए सामान का कुछ हिस्सा आरोपी ने बिलासपुर रोड, उरला क्षेत्र के कबाड़ी हरीचरण सिंह के गोदाम में बेचने का प्रयास किया था, जहां करीब 2 टन लोहे का स्ट्रीप क्वॉइल बरामद किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी राजीव कुमार सिंह, जो 40 वर्ष का है, कुठेला भाठा, सिंगारपुर का निवासी है और जेवरा सिरसा थाना पुलगांव, दुर्ग क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। पुलिस ने उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
इसके अलावा, पुलिस ने चोरी किए गए ट्रक को भी बरामद कर लिया है। इस पूरी कार्रवाई में सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक राघवेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक मनीष अग्निहोत्री, आरक्षक सुबोध सिंह, एसीसीयू टीम से सहायक उपनिरीक्षक पूरन बहादुर, आरक्षक भवेश पटेल और जुगनु सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

