भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) दुर्ग जिला मुख्यालय के रसमड़ा औद्योगिक क्षेत्र में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां गैस सिलेंडर से भरे एक ट्रक (CG 04 NT 4329) में अचानक आग लग गई। आग पर समय रहते काबू पाने और सिलेंडरों को ट्रक से बाहर निकालने की वजह से एक बड़ा विस्फोट होने से बच गया।
अग्निशमन विभाग की तत्परता ने बचाई जान-माल
जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग की सूचना रात में मिली। तत्काल कार्रवाई करते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर भेजा गया। अग्निशमन टीम ने पहले ट्रक के अंदर घुसकर सिलेंडरों को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला और फिर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
टीम की त्वरित और साहसिक कार्रवाई
- आग बुझाने में अग्निशमन दल प्रभारी महेन्द्र कुमार चंदेल और उनकी टीम के सदस्य, अवतार सिंह, मोहन राव, भोपेश और शारदा प्रसाद की भूमिका सराहनीय रही।
- सबसे पहले ट्रक में मौजूद सभी एलपीजी सिलेंडरों को बाहर फेंका गया, जिससे विस्फोट की संभावना खत्म हो गई।
- इसके बाद फायर ब्रिगेड की मदद से आग को पूरी तरह बुझा लिया गया।
आग सिलेंडरों तक पहुंचती तो हो सकता था बड़ा हादसा
अग्निशमन दल ने बताया कि यदि आग सिलेंडरों तक पहुंच जाती, तो भारी संख्या में लोडेड सिलेंडरों के फटने से आसपास की फैक्ट्री और इलाके में बड़ा नुकसान हो सकता था। टीम ने इसे समय रहते टालने में सफलता पाई।
आग लगने का कारण अब भी अज्ञात
ट्रक मालिक रविंद्र पाल ने बताया कि ट्रक फैक्ट्री परिसर में खड़ा था और उसमें एलपीजी सिलेंडर लोड थे। आग कैसे लगी, इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

