भिलाई : नाबालिग से कर रहा था अश्लील विडियो बनाकर मोबाइल पर भेजने की बात , पिता ने दर्ज करवायी शिकायत , आरोपी गिरफ्तार...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा एक नाबालिग लड़की से अश्लील वीडियो मांगने का मामला उजागर हुआ है। आरोपी ने जान-पहचान का फायदा उठाते हुए नाबालिग से व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक वीडियो भेजने की मांग की। पीड़िता ने इस घटना की जानकारी अपने पिता को दी, जिन्होंने तुरंत पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत कानूनी कार्रवाई की गई।


इस घटना को लेकर पीड़िता के पिता ने 28 जनवरी को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अनुज नामक युवक ने उनकी बेटी से छेड़छाड़ की और मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेजने के लिए कहा। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेंद्र शुक्ला ने तुरंत आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी के निर्देशानुसार एएसपी सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज ने आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच के बाद पुलिस ने रामचंद्र होटल के पास रहने वाले अनुज नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मंगलवार को किशोरी से अश्लील वीडियो बनाकर मोबाइल पर भेजने के लिए कहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अनुज, निवासी खुर्सीपार, को कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।