भिलाई : ग्रीन वैली हिट एंड रन मामले में पुलिस ने आरोपियों का निकला जुलुस....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई , शहर की पॉश कॉलोनी ग्रीन वैली में बीते दिनों ऐसी घटना घटी, जिसने सभी को दहला दिया। कॉलेज के कुछ छात्र, शराब के नशे में धुत होकर, अपनी तेज रफ्तार कार से सुरक्षा गार्ड को कुचलते हुए कॉलोनी के गेट को तोड़ते हुए अंदर घुस गए। इस शर्मनाक और खतरनाक हरकत के बाद पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों का जुलूस निकालकर कानून का सख्त संदेश दिया।

घटना की शुरुआत:

यह मामला 24 जनवरी की देर रात का है, जब चौहान ग्रीन वैली में तैनात सुरक्षा गार्ड गनपत साहू अपनी ड्यूटी पर था। रात 1 बजे सचिन सिंह नामक आरोपी अपनी कार (सीजी 07 बीजे 8877) से गेट पर पहुंचा। गार्ड ने जब उसे गेट खोलने से पहले रोकने की कोशिश की, तो सचिन भड़क उठा और धमकी देते हुए बोला, अभी जा रहा हूं, लेकिन वापस आकर गेट सहित तुम्हें उड़ा दूंगा। 

सचिन सिंह करीब 1:45 बजे अपने दोस्तों के साथ वापस लौटा। शराब के नशे में धुत सचिन ने गेट खुलने का इंतजार नहीं किया और तेज रफ्तार में गेट को टक्कर मारते हुए अंदर घुस गया। इस हरकत से लोहे का गेट गनपत साहू की छाती में जा लगा, जिससे गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। गार्ड के दोनों पैर गेट में फंस गए, और वह गेट सहित दीवार से टकराकर नीचे गिर गया।

सीसीटीवी फुटेज से खुलासा:

घटना का पूरा सच कॉलोनी के सीसीटीवी फुटेज से सामने आया। फुटेज में साफ दिखा कि सचिन ने जानबूझकर गार्ड को मारने की नीयत से कार को तेज रफ्तार में चलाया और गेट तोड़ते हुए गार्ड को कुचल दिया। इसके बाद भी उसने कार नहीं रोकी और अंदर की ओर भाग निकला।

पहले भी दी थी धमकी:

शिकायतकर्ता दीपक आसटकर ने बताया कि यह पहली बार नहीं था जब सचिन ने गार्ड के साथ ऐसा किया। एक हफ्ते पहले भी, सचिन ने गार्ड को गाली देते हुए धमकाया था कि यदि उसने दोबारा गाड़ी रोकने की कोशिश की, तो वह कार उसके ऊपर चढ़ा देगा।

आरोपियों का गिरफ्तारी के बाद जुलूस:

इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। जब पुलिस ने सचिन को गिरफ्तार करने उसके कमरे पर छापा मारा, तो वहां कई लोग पार्टी कर रहे थे, जिनमें अभिषेक मलागार, आदित्य मिश्रा, राहुल तिवारी, राहुल साहू, रियांशु ठाकुर, मेहुल गुप्ता, सृष्टि शर्मा और मनीषा सिंह शामिल थे। सभी शराब के नशे में थे। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार किया और ग्रीन वैली कॉलोनी में उनका जुलूस निकाला।घटना में गनपत साहू को गंभीर चोटें आई हैं, और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV