भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में शादी की एक बारात के दौरान हुई मामूली कहासुनी ने खतरनाक रूप ले लिया। डांस के दौरान धक्का लगने से शुरू हुए विवाद में एक युवक ने गुस्से में कटर से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति भी हमले का शिकार हो गया।
घटना का सिलसिला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी टकला उर्फ संतोष प्रसाद (20) कृष्णा नगर इलाके में रहता है। 18 जनवरी की रात बारात में शामिल सभी लोग डांस कर रहे थे। इसी दौरान संजू उर्फ शशिकांत ने डांस करते हुए संतोष को हल्का धक्का दे दिया। शराब के नशे में दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक हो गई।
कटर से हमला
गुस्साए टकला ने अपनी जेब से कटर निकाला और संजू के गले, चेहरे और कान के नीचे तीन-चार बार हमला कर दिया। संजू वहीं गिरकर लहूलुहान हो गया। इस बीच, विवाद शांत कराने आए चंद्रकार पर भी टकला ने हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ का अंगूठा कट गया।
मौके पर मदद और कार्रवाई
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत 112 पर कॉल कर एंबुलेंस मंगाई। गंभीर रूप से घायल संजू को पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस सक्रिय हुई और कुछ घंटों के भीतर आरोपी टकला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से खून से सना कटर भी बरामद कर लिया।
आदतन अपराधी निकला आरोपी
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी टकला आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। इससे पहले भी वह कई बार जेल जा चुका है। इस घटना के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

