भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट में एक तेंदुए ने मंगलवार देर रात करीब 1 बजे एक गाय का शिकार कर लिया। बताया जा रहा है कि यह घटना बार एंड रॉड मिल (BRM) के पास हुई। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें तेंदुआ गाय को नोंचते और खाते हुए देखा जा सकता है।
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस वीडियो को प्लांट के शंटिंग स्टाफ द्वारा रिकॉर्ड किया गया है। वीडियो में दिख रहा है कि तेंदुआ रेलवे ट्रैक के पास टहल रहा है। कर्मचारी ने यह वीडियो अपने सहयोगियों और अधिकारियों को भेजा, जिससे पूरे परिसर में दहशत फैल गई।
तेंदुए को कैसे देखा गया?
रोलिंग मिल पोस्ट वे-ब्रिज के पीछे, लाइन नंबर 59 टॉप के पास, जब शंटिंग स्टाफ भुवन सिंह लोको का प्वाइंट बदल रहे थे, तभी उनकी नजर तेंदुए पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना लोको पायलट को दी। इसी दौरान दोनों ने तेंदुए का वीडियो भी बना लिया।
तेंदुए की खोज के लिए टीम का गठन
वीडियो वायरल होते ही BSP के टी एंड डी विभाग के जीएम ने वीडियो बनाने वाले कर्मचारी को बुलाकर पूछताछ की। इसके बाद मैत्रीबाग प्रबंधन को इस घटना की जानकारी दी गई, जिससे वहां से 4-5 लोगों की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के अधिकारी भी इस दौरान वहां मौजूद रहे।
BSP प्रशासन अलर्ट पर
मैत्रीबाग के प्रभारी डॉ. एनके जैन ने बताया कि तेंदुए को खोजने के लिए बुधवार को BSP परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। संभावना जताई जा रही है कि वह प्लांट से दूर चला गया होगा। फिलहाल, मैत्रीबाग और BSP प्रबंधन अलर्ट मोड पर है।
सोशल मीडिया पर अलर्ट जारी
भिलाई स्टील प्लांट प्रशासन ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर अलर्ट जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि रात के समय अकेले बाहर न निकलें और सतर्क रहें।
निगरानी के लिए विशेष इंतजाम
तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरे लगाए जाएंगे और ड्रोन से निगरानी करने की भी योजना बनाई जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही तेंदुए को रेस्क्यू कर लिया जाएगा।
तेंदुए को कहां-कहां देखा गया?
27 जनवरी की रात तेंदुए को बार एंड रॉड मिल (BRM), लॉन्ग रेल मिल, रेलवे पीपी यार्ड, लोड यार्ड, पुरैना चेक पोस्ट के ग्रीन एरिया में देखा गया था। इसकी मौजूदगी से BSP, रेलवे और एनएसपीसीएल के कर्मचारी सहित आसपास के नागरिकों में भय का माहौल है।
वन विभाग की कार्रवाई
डीएफओ दुर्ग चंद्रशेखर परदेसी ने बताया कि तेंदुए की तलाश के लिए वन विभाग की दो टीमें विभिन्न स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। BSP के वेल्डिंग शॉप और रेलवे पीपी यार्ड के पास भी उसकी मौजूदगी के संकेत मिले हैं। रायपुर वन विभाग से भी तेंदुए को पकड़ने के लिए सहायता मांगी गई है।
जनता से अपील
डीएफओ चंद्रशेखर परदेसी ने आम जनता से अनुरोध किया है कि यदि तेंदुआ दिखाई दे तो उस पर हमला न करें और न ही उस पर पत्थर फेंकें। ऐसा करने से तेंदुआ आक्रामक हो सकता है और हमला कर सकता है। यदि कोई तेंदुए को देखता है, तो तुरंत वन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 8830533501 पर संपर्क करें ताकि जल्द से जल्द उसे सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

