भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : मुंबई , बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को ठाणे से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी का नाम मोहम्मद आलियान उर्फ BJ है, लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए वह खुद को विजय दास बता रहा था। पुलिस ने उसे ठाणे के कसारवडवली इलाके में स्थित हीरानंदानी एस्टेट के पीछे की झाड़ियों से पकड़ा।
बार में करता था काम
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ठाणे में Ricky's बार में हाउसकीपिंग का काम करता था। प्रारंभिक जांच में यह संदेह जताया गया है कि वह बांग्लादेश से आया हुआ है। वह छह महीने पहले मुंबई पहुंचा था और उसके पास किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं मिला है। फिलहाल आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बांद्रा पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में लिया है और सुबह 9 बजे इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरी जानकारी दी जाएगी।
पुलिस के सामने बार-बार बदल रहा नाम
गिरफ्तार किए गए व्यक्ति ने पुलिस को लगातार अलग-अलग नाम बताए। उसने पहले अपना नाम मोहम्मद सज्जात बताया, फिर विजय दास। उसके पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान या पता सत्यापित किया जा सके। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि वह पिछले 7-8 महीनों से मुंबई और ठाणे में अलग-अलग जगहों पर काम कर रहा था। हाल ही में वह पांडे नामक ठेकेदार के साथ कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूरी कर रहा था।
16 जनवरी की रात हुई थी घटना
16 जनवरी की आधी रात को सैफ अली खान पर हमला हुआ था। आरोपी ने चोरी की नीयत से उनके घर में घुसकर चाकू से उन पर वार किया। इस हमले में सैफ को गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत इलाज के लिए मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में पुलिस ने उनके परिवार और घर के स्टाफ के बयान दर्ज कर लिए हैं।
सीसीटीवी फुटेज से मिली मदद
हमले के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने सैफ की बिल्डिंग का सीसीटीवी फुटेज जारी किया, जिसमें आरोपी को सीढ़ियों से नीचे उतरते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, पहले एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया था, लेकिन पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। बाद में पुलिस ने ठाणे से एक अन्य संदिग्ध को गिरफ्तार किया।
वारदात के बाद आरोपी ने फोन किया बंद
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपना फोन स्विच ऑफ कर दिया। कुछ समय बाद उसने फोन ऑन करके केवल एक कॉल किया और फिर से फोन बंद कर दिया। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए हर जगह सतर्कता बरती और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए चेहरा छिपाने की कोशिश की।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी
पुलिस ने सैफ के घर, बांद्रा रेलवे स्टेशन और दादर इलाके में एक्टिव मोबाइल नंबरों के डेटा जुटाए। एक मोबाइल नंबर, जो इन तीनों जगह एक्टिव था, पुलिस की नजर में आया। आरोपी ने जिस नंबर पर कॉल किया था, उस व्यक्ति से संपर्क कर पुलिस ने आरोपी का फोटो दिखाया। वहां मौजूद लोगों ने आरोपी की पहचान की और बताया कि वह मजदूर के रूप में उनके साथ काम करता है।
कोर्ट में पेश किया जाएगा
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर ली है, ताकि उसकी हिरासत ली जा सके। उम्मीद है कि उससे पूछताछ में इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी खुलासा हो सकेगा।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

