CG : महादेव सट्टा एप से जुड़े गिरोह का खुलासा: 100 करोड़ से अधिक की लेन-देन, 15 बैंकों में सैकड़ों खाते, मुख्य सरगना गिरफ्तार...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) सरगुजा। महादेव सट्टा एप से जुड़े सट्टा कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने मुख्य सरगना सुधीर गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। सुधीर गुप्ता 15 बैंकों में सैकड़ों खाते संचालित कर रहा था और अब तक 100 करोड़ से अधिक की लेन-देन का खुलासा हुआ है। यह मामला ऑनलाइन सट्टा कारोबार और हवाला नेटवर्क से भी जुड़ा हुआ है।  

रेड के दौरान पुलिस को मिली सफलता  

कुछ दिन पहले सरगुजा पुलिस ने सट्टा कारोबार की सूचना पर छापेमारी की थी। इस दौरान एक घर में सट्टा ऑपरेट करते हुए राहुल अग्रवाल उर्फ विक्की, श्रीकांत अग्रवाल और राहुल कुमार सोनी को गिरफ्तार किया गया था। हालाँकि, गिरोह का मुख्य सरगना सुधीर गुप्ता उस समय फरार हो गया था। पुलिस ने रेड में बड़ी मात्रा में बैंक पासबुक, ATM कार्ड, मोबाइल, क्यूआर कोड, नगद राशि और सट्टा लेन-देन में उपयोग होने वाले नोट बरामद किए थे।  

234 एटीएम कार्ड, 78 चेकबुक और 81 पासबुक बरामद  

गिरोह से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों के पास से पुलिस ने हैरान करने वाले सामान बरामद किए:  

- 73 मोबाइल फोन  

- 234 एटीएम कार्ड  

- 78 चेकबुक और 81 पासबुक  

- 77 सिम कार्ड  

- 8 बार कोड स्कैनर  

- फर्जी दस्तावेज, जैसे आधार और पैन कार्ड की छायाप्रतियां  

इसके अतिरिक्त, 1 एलईडी टीवी, वाई-फाई सेट, और 1.54 लाख रुपए नकद भी जब्त किए गए। जब्त की गई सामग्री की कुल कीमत 20 लाख रुपए आंकी गई है।  

फर्जी दस्तावेजों से बैंकों में खाता खोलने का खुलासा  

जांच में यह सामने आया है कि गिरोह ने फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड का उपयोग कर सैकड़ों बैंक खाते खोले। इन खातों के जरिए फोन पे, पेटीएम और गूगल पे का उपयोग कर लेन-देन किया जाता था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि वे ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट मैचों पर सट्टा खिलवाते थे।  

अर्जुन गुप्ता भी गिरोह में शामिल  

पुलिस ने गिरोह के एक अन्य सदस्य अर्जुन गुप्ता को भी गिरफ्तार किया है। अर्जुन ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक खाते खोलने में सहयोग किया था। उसने पूछताछ में घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है।  

सट्टा कारोबार पर पुलिस की पैनी नजर  

सरगुजा पुलिस ने इस गिरोह को पकड़ने के लिए साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम बनाई। पुलिस अधीक्षक रोहित शाह के नेतृत्व में ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। पुलिस अब महादेव सट्टा एप से जुड़े अन्य नेटवर्क का भी पता लगा रही है।  


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV