CG : भाजपा में बगावत , 100 से अधिक कार्यकर्ताओं का सामूहिक इस्तीफा, चुनावी समीकरण बदले...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :छग , सुकमा चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। सुकमा जिले में 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी से नाता तोड़ लिया है। जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 8 के दुर्कागुड़ा क्षेत्र के सभी भाजपा समर्थकों ने बागी अध्यक्ष पद के उम्मीदवार लच्छू राम के समर्थन में पार्टी छोड़ दी है। इससे पहले भी कई वरिष्ठ भाजपा नेता राजा मनोज देव के समर्थन में पार्टी से इस्तीफा दे चुके थे।


मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस बार छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के साथ-साथ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव भी संपन्न होने हैं। इसी को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने टिकट वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सुकमा में टिकट वितरण को लेकर पहले भी असंतुष्ट भाजपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई थी, जिसके चलते 18 नेताओं ने सामूहिक रूप से पार्टी छोड़ दी थी। इन नेताओं ने टिकट आवंटन में पारदर्शिता की कमी और पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया था।

इस्तीफा देने वालों में संगठन के प्रमुख पदाधिकारी, वर्तमान पार्षद और पूर्व जिला अध्यक्ष जैसे प्रभावशाली नेता शामिल हैं। इनमें पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी देवी, पार्षद चंद्रिका गुप्ता, पार्षद शिल्पा मंडावी, दीपक नेताम, पार्षद अनिल मंडावी, लच्छू पोडियाम, ऋषभ गुप्ता, गौरव सिंह राठौड़, लक्ष्मी शर्मा, राजेश दास, मनीष सिंह, नुप्पो पोडिया, काजल देवनाथ, ललित गांधी, साहिल सिंह और अपर्णा देव के नाम प्रमुख हैं।

इन नेताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि नगरीय निकाय चुनाव में टिकट वितरण में भेदभाव किया गया और कांग्रेस तथा कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े लोगों को प्राथमिकता दी गई। इस सामूहिक इस्तीफे के कारण क्षेत्र में भाजपा की स्थिति कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है।

गौरतलब है कि प्रदेश में 11 फरवरी को एक चरण में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान होना है, जबकि 15 फरवरी को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।