CG: टिकट वितरण पर भाजपा में असंतोष, जिला उपाध्यक्ष सहित 19 ने दिया इस्तीफा, नगर पालिका अध्यक्ष ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का किया ऐलान...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : सक्ती/बिलासपुर/सुकमा। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनावों को लेकर भाजपा ने अपने सभी प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है, लेकिन टिकट बंटवारे को लेकर पार्टी के भीतर विवाद सामने आ रहा है। सक्ती नगर पालिका में चिराग अग्रवाल को टिकट दिए जाने के बाद वरिष्ठ नेता संजय रामचंद्र ने नाराज होकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि टिकट वितरण में भ्रष्टाचार और वरिष्ठ नेताओं की साजिशें शामिल हैं। इसी तरह, रतनपुर नगर पालिका में टिकट न मिलने से नाराज भाजपा नेता कन्हैया यादव ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। वहीं, सुकमा में 19 नेताओं ने सामूहिक रूप से भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। टिकट बंटवारे के बाद पार्टी में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।

सक्ती में जिला उपाध्यक्ष का इस्तीफा सक्ती नगर पालिका में चिराग अग्रवाल को टिकट मिलने से नाराज जिला उपाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता संजय रामचंद्र ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। संजय रामचंद्र अध्यक्ष पद के लिए टिकट मांग रहे थे, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की। 

उन्होंने पार्टी पर आरोप लगाया कि टिकट वितरण में लेन-देन और संगठन के वरिष्ठ नेताओं की साजिशें शामिल हैं। संजय रामचंद्र ने जिला अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष का निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए जैसे ही भाजपा ने अपने उम्मीदवार का ऐलान किया, भाजपा नेता कन्हैया यादव ने विरोध जताते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। कन्हैया यादव ने पार्टी पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन उन्हें नजरअंदाज किया गया। उन्होंने बताया कि उन्होंने संगठन के लिए पूरी निष्ठा से काम किया, लेकिन टिकट बंटवारे में इसे अनदेखा किया गया। भाजपा ने रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए लव कुश कश्यप को उम्मीदवार बनाया है, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ गया है।

सुकमा में सामूहिक इस्तीफे सुकमा जिले में भाजपा को बड़ा झटका तब लगा जब पार्टी के 19 नेताओं ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वालों में संगठन पदाधिकारी, वर्तमान पार्षद और पूर्व जिला अध्यक्ष जैसे प्रमुख नेता शामिल हैं। इन नेताओं ने टिकट वितरण में पारदर्शिता की कमी और पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया। 

सामूहिक इस्तीफा देने वालों में लक्ष्मी देवी, चंद्रिका गुप्ता, शिल्पा मंडावी, दीपक नेताम, अनिल मंडावी, लच्छू पोडियाम, ऋषभ गुप्ता, गौरव सिंह राठौड़, लक्ष्मी शर्मा, राजेश दास, मनीष सिंह, नुप्पो पोडिया, काजल देवनाथ, ललित गांधी, साहिल सिंह और अपर्णा देव शामिल हैं।

इन इस्तीफों और बगावत की घटनाओं से स्पष्ट है कि भाजपा में टिकट वितरण को लेकर गहरा असंतोष है। पार्टी को इन मामलों से निपटने के लिए जल्द ही कोई ठोस कदम उठाना होगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV