भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के नगवा गांव में दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 22 वर्षीय युवती, कीर्ति पात्रे, ने प्रेमी से बिछड़ने के डर से टॉयलेट क्लीनर हार्पिक पीकर अपनी जान दे दी। इस घटना ने पूरे गांव और क्षेत्र को हिला कर रख दिया है।
कीर्ति पात्रे और ललित लहरे (26) के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। दिसंबर 2024 में दोनों ने घर से भागने का साहसिक कदम उठाया। हालांकि, तीन दिन बाद ही वे वापस लौट आए। कीर्ति के पिता, महेतरा पात्रे, ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही थी।
हार्पिक पीने की वजह
घर लौटने के बाद कीर्ति को यह डर सताने लगा कि उसका प्रेमी उससे अलग हो सकता है। इस डर और असुरक्षा ने उसे इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। उसने बाथरूम में रखा हार्पिक पी लिया। परिजनों ने तत्काल उसे मुंगेली अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका 25 दिनों तक इलाज चला। लेकिन हालत बिगड़ने के कारण उसे कोरबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
गांव की बैठक और सुसाइड नोट का मामला
इलाज के दौरान कीर्ति ने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई। गांव के सरपंच रवि जायसवाल और अन्य लोगों की उपस्थिति में एक बैठक बुलाई गई। इस बैठक में कीर्ति ने अपनी बात लिखित रूप में दी, जिसे सुसाइड नोट के रूप में दर्ज किया गया। इसमें उसने अपने किसी भी फैसले की जिम्मेदारी खुद लेने की बात कही।
मौत और पुलिस की कार्रवाई
कोरबा मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में कीर्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज से मिली सूचना के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल, मर्ग डायरी मुंगेली के लालपुर थाने भेज दी गई है। सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ जारी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

