CG : गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद था डिप्रेशन में युवक , चित्रकोट जलप्रपात से युवक ने कूदकर जान देने की कोशिश, नाविक ने बचाई जिंदगी....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित चित्रकोट जलप्रपात से एक युवक ने कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसका लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, नीचे मौजूद एक नाविक ने तत्परता दिखाते हुए युवक की जान बचा ली। 

युवक की पहचान भीम कुमार यादव के रूप में हुई है, जो नारायणपुर जिले के छोटे डोंगर थाना क्षेत्र के कनहार गांव का निवासी है। पूछताछ में पता चला कि वह एक युवती से प्रेम संबंध में था, लेकिन हाल ही में उनके बीच ब्रेकअप हो गया, जिससे वह अवसाद में था। 29 जनवरी को वह अपने दोस्तों के साथ चित्रकोट जलप्रपात घूमने आया और वहां आत्महत्या का प्रयास किया। 

घटना के दौरान वहां मौजूद अन्य पर्यटकों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और नीचे कूद गया। सौभाग्य से, पानी का स्तर कम था और एक नाविक पहले से ही वहां मौजूद था। युवक के कूदते ही नाविक तुरंत उसकी ओर बढ़ा और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

इस घटना की सूचना चित्रकोट पुलिस चौकी को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने युवक से पूछताछ की और समझाइश देकर उसे छोड़ दिया। वहीं, कुछ पर्यटकों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

गौरतलब है कि इससे पहले भी चित्रकोट जलप्रपात में आत्महत्या के मामले सामने आ चुके हैं। कुछ साल पहले दंतेवाड़ा जिले के दो युवकों ने पारिवारिक कारणों से अलग-अलग वर्षों में यहां कूदकर जान दी थी। कुछ महीने पहले एक युवती ने भी यहां छलांग लगाई थी, जिसकी दो दिन की तलाश के बाद लाश मिली थी।