भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले के मामले में सीबीआई की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में आज सीबीआई ने पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी के भतीजे साहिल, शशांक गोयल और भूमिका कटियार को गिरफ्तार कर विशेष अदालत में पेश किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए शशांक गोयल और भूमिका कटियार, बजरंग पावर के डायरेक्टर श्रवण कुमार गोयल के बेटे और बहू हैं। इससे पहले, सीबीआई ने डिप्टी कलेक्टर पद पर चयन से जुड़े मामले में भूमिका से पूछताछ की थी, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी हुई। इससे पहले शनिवार को सीबीआई ने टामन सिंह सोनवानी के भतीजे नितेश सोनवानी और पूर्व डिप्टी एग्जाम कंट्रोलर ललित गनवीर को भी गिरफ्तार किया था।
मामले से जुड़े आरोपों के अनुसार, 2020 से 2022 के बीच डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी और अन्य कई पदों पर हुई परीक्षाओं और साक्षात्कार में टामन सोनवानी के रिश्तेदारों और कुछ वीआईपी लोगों के करीबी रिश्तेदारों का चयन किया गया। इन्हीं आरोपों के आधार पर सीबीआई ने मामला दर्ज किया और जांच जारी रखी। इस घोटाले के तहत सीबीआई ने पहले ही CGPSC के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी और बजरंग पावर के डायरेक्टर श्रवण कुमार गोयल को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
CGPSC की 2019 से 2022 के बीच हुई भर्तियों में कुछ उम्मीदवारों के चयन पर विवाद खड़ा हुआ था। ईओडब्ल्यू और अर्जुंदा पुलिस ने इस मामले में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया। 2020 में CGPSC ने 175 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की, जबकि 2021 में 171 पदों पर परीक्षा ली गई।
प्रीलिम्स परीक्षा 13 फरवरी 2022 को आयोजित हुई थी, जिसमें 2,565 उम्मीदवार पास हुए थे। इसके बाद मेंस परीक्षा 26 से 29 मई 2022 के बीच हुई, जिसमें 509 अभ्यर्थी सफल रहे। 11 मई 2023 को इंटरव्यू के बाद 170 उम्मीदवारों की फाइनल चयन सूची जारी की गई।
आरोप है कि तत्कालीन चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी ने अपने रिश्तेदारों, कांग्रेस नेताओं और कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के बच्चों को इन भर्तियों में लाभ पहुंचाया। इस मामले में सीबीआई द्वारा जांच अभी भी जारी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

