भिलाई स्टील प्लांट हादसा: मजदूर की मौत के बाद परिवार ने 13 लाख मुआवजे पर सहमति दी, प्रबंधन ने अनुकंपा नियुक्ति का किया वादा, दी नियुक्ति पत्र....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट में हुए हादसे में मजदूर ओमप्रकाश ठाकुर की जान चली गई। इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिवारजन ने हंगामा किया और प्रबंधन से 20 लाख रुपये के मुआवजे और अनुकंपा नियुक्ति की मांग रखी।


आखिरकार, दोनों पक्षों के बीच 13 लाख रुपये की मुआवजा राशि पर सहमति बनी, जिसके बाद परिजन शव के पंचनामा के लिए राजी हुए। बीएसपी प्रबंधन ने मृतक के परिवार को अनुकंपा नियुक्ति का पत्र भी सौंप दिया है।

हादसा शुक्रवार रात मर्चेंट मिल के शिपिंग एरिया में हुआ, जब बंडल गुड्स को ट्रेन में लोड किया जा रहा था। इसी दौरान भारी बंडल गिरने से ओमप्रकाश ठाकुर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने 20 लाख रुपये की मुआवजा राशि और अनुकंपा नियुक्ति की मांग उठाई।

शुरुआती चरण में ठेकेदार ने 10 लाख रुपये का चेक और 3 लाख रुपये की सहयोग राशि देने की बात कही थी। बाद में, परिवार की मांग को देखते हुए 13 लाख रुपये की मुआवजा राशि पर सहमति बन गई। पंचनामा पूरा होने के बाद मृतक के पार्थिव शरीर को सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री हॉस्पिटल के शवगृह में रखा गया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।