भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने 19,762 करोड़ रुपये का तृतीय अनुपूरक बजट पेश किया, जिसे सदन ने मंजूरी दे दी। वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि इस बजट के जरिए पूर्व में बने वित्तीय घाटे को पूरा किया जाएगा। वहीं, विपक्ष ने इसे लेकर सरकार पर निशाना साधा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार केवल आंकड़ों की बाजीगरी कर रही है।
वित्त मंत्री चौधरी ने अपने बयान में कहा कि विधानसभा में आज तृतीय अनुपूरक बजट को पारित किया गया। उन्होंने बताया कि सरकार ने पहले से मौजूद वित्तीय दायित्वों को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। राज्य के विकास को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने 19,762 करोड़ रुपये का बजट पारित किया है ताकि वित्तीय प्रबंधन को सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार से 6,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त की गई है। सरकार पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर आर्थिक सुधारों को मजबूती देने की दिशा में काम कर रही है।
अनुपूरक बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि यह बजट महज संख्याओं का खेल है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार 31 मार्च तक इस पूरे बजट को खर्च कर पाएगी? उन्होंने वित्त मंत्री से पूछा कि कुनकुरी में प्रस्तावित 220 बिस्तरों वाला अस्पताल अब तक क्यों पूरा नहीं हुआ?
मनरेगा के कार्यों की धीमी प्रगति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कितने लोगों को घर मिले हैं? उन्होंने कहा कि भले ही बहुमत के आधार पर बजट पारित हो गया हो, लेकिन असल में यह केवल संख्याओं का खेल है।
भूपेश बघेल के आरोपों का जवाब देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार अनुपूरक बजट का उपयोग पुराने कर्ज के ब्याज भुगतान के लिए करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार विभिन्न देनदारियों को निपटाने के लिए इस बजट का इस्तेमाल करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि आरबीआई के नियमों के तहत राज्य को ऋण लेने की अनुमति है और इस बार सरकार 2,000 करोड़ रुपये का ऋण ले रही है। इस ऋण का उपयोग पूर्व में लिए गए कर्ज के वित्तीय भार को कम करने के लिए किया जाएगा।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

