भिलाई में दर्दनाक हादसा: स्कूल वैन ने 2 साल की मासूम को कुचला, मौत , माँ के साथ भाई - बहनों को स्कूल वैन तक छोड़ने आई थी बच्ची...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई में एक दर्दनाक हादसे में स्कूल वैन ने दो साल की मासूम बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची, वैन चालक को गिरफ्तार किया और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बच्ची के मामा के भतीजे चंद्रपाल जायसवाल ने बताया कि बच्ची का परिवार पांच रास्ता कांट्रैक्टर कॉलोनी, सुपेला में रहता है। यह हादसा बुधवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच हुआ। बच्ची की मां विभा जायसवाल के तीन बच्चे हैं, जिनमें से दो कृष्णा विद्यालय, रामनगर में पढ़ते हैं। रोज़ की तरह स्कूल वैन उन्हें लेने आई थी।

विभा अपने दो बड़े बच्चों को स्कूल वैन में बैठाने गई थी और इस दौरान उसने अपनी दो साल की बेटी अंशिका को जमीन पर खड़ा कर दिया। इसी बीच बच्ची चलते-चलते वैन के सामने पहुंच गई, और ड्राइवर ने गाड़ी बढ़ा दी। इससे वैन बच्ची के ऊपर चढ़ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के वक्त वहां मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया, लेकिन जब तक वैन रोकी जाती, तब तक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। बाद में वैन को पीछे कर बच्ची को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। परिजनों ने तुरंत सुपेला पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, सुपेला भेज दिया।

बच्ची के पिता श्रवण जायसवाल रोज़गार के सिलसिले में शहर से बाहर थे। हादसे की खबर मिलते ही वे और अन्य परिजन भिलाई के लिए रवाना हो गए।

प्रत्यक्षदर्शी लक्ष्मण सिंह ने आरोप लगाया कि इस घटना के लिए स्कूल प्रबंधन और वैन संचालक दोनों जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्कूल वाहन में ड्राइवर के साथ एक सहायक का होना अनिवार्य होता है, लेकिन इस वैन में केवल ड्राइवर था। यदि सहायक होता, तो वह देख सकता था कि बच्ची वैन के सामने खड़ी है। उन्होंने मांग की कि पुलिस को इस मामले में स्कूल प्रशासन और वैन संचालक दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV