दुर्ग : 250 फर्जी मतदान और प्रलोभन के आरोप, BJP ने की रिकाउंटिंग और नए चुनाव की मांग, पंचायत चुनाव में विवाद मामला...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग जिले के तिरगा ग्राम पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद हंगामा हुआ। सोमवार देर शाम स्थानीय लोगों ने मतदान में धोखाधड़ी और प्रलोभन के आरोप लगाते हुए मतगणना केंद्र का घेराव किया। दुर्ग जनपद में मतदान के बाद मतगणना हुई, जिसमें कांग्रेस समर्थित सरपंच उम्मीदवार घसियाराम ने 30 मतों से विजय प्राप्त की। उन्होंने भाजपा समर्थित प्रत्याशी मुकेश बेलचंदन को हराया। 

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मुकेश बेलचंदन ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ मतगणना स्थल का घेराव किया और आरोप लगाया कि उनकी शिकायतों को अनदेखा किया गया और घसियाराम को जीत का प्रमाण पत्र दे दिया गया। बेलचंदन ने जिला निर्वाचन अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपते हुए पुनः गणना की मांग की। इसके अलावा, ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टोरेट का घेराव करने की योजना बनाई है। 

चुनाव के दौरान दिव्यांगों और बुजुर्गों को मतदान काउंटर तक ले जाने के लिए रेडक्रास और स्काउट के बच्चों को तैनात किया गया था, जो बाद में विरोध में शामिल हो गए। बच्चों ने आरोप लगाया कि घसियाराम ने उन्हें 5-5 हजार रुपये का प्रलोभन दिया था ताकि वे जिन बुजुर्गों और दिव्यांगों को मतदान में ले जाएं, उनसे उसके पक्ष में वोट डलवाएं। हालांकि, आरोप है कि बाद में बच्चों को पैसे नहीं दिए गए। 

मुकेश बेलचंदन का दावा है कि करीब 250 फर्जी वोट डाले गए, जिनमें रेडक्रास और स्काउट के बच्चों का हाथ था। उनका कहना है कि इस मामले की जांच होनी चाहिए और पुनः गणना की जानी चाहिए। 

सूत्रों के अनुसार, मुकेश बेलचंदन और उनके समर्थक मंगलवार को दुर्ग कलेक्टोरेट का घेराव करने की योजना बना रहे हैं। स्थानीय लोग इस मामले में कलेक्टर को लिखित शिकायत देंगे और दोबारा मतगणना या चुनाव कराने की मांग करेंगे।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV