भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : बिहार , शिवहर: सिर्फ बिजली के खुले तार ही नहीं, भारी भरकम बिजली बिल भी जानलेवा साबित हो सकता है। बिहार के शिवहर जिले के नयागांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बिजली विभाग द्वारा भेजे गए बकाया बिल को देखकर 50 वर्षीय जीतू राम को हार्ट अटैक आया और उनकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव के लोग गुस्से में आ गए।
बिजली बिल देखते ही आया हार्ट अटैक: बताया जा रहा है कि बिजली विभाग की एक टीम पंचायत के निवासी जीतू राम के घर पहुंची थी। टीम ने उन्हें सूचित किया कि उनके नाम पर 27,000 रूपये का बकाया बिल दर्ज है, जिसे तुरंत भरना होगा। यह सुनते ही जीतू राम हक्के-बक्के रह गए और अचानक उनके सीने में तेज दर्द होने लगा। कुछ ही पलों में वे बेहोश होकर गिर पड़े।
परिवार ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बच सके: घरवाले और आसपास के ग्रामीण उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और लोगों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ने लगा।
ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन: जीतू राम की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताने लगे। लोगों ने प्रदर्शन कर विभाग की मनमानी पर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने लिया संज्ञान: सूचना मिलते ही श्यामपुर भटहां थाना प्रभारी सुनील कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को शांत कराने की कोशिश की और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आर्थिक तंगी में दबा परिवार: जीतू राम का परिवार पहले से ही आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहा था। ऐसे में अचानक 27,000 रूपये का बिजली बिल सुनकर वे तनाव में आ गए और सदमे के कारण उनकी जान चली गई। परिवारवालों का कहना है कि इतनी बड़ी रकम भरना उनके लिए असंभव था।
बिजली विभाग की टीम वसूली के लिए पहुंची थी: एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि नयागांव वार्ड नंबर-1 में बिजली विभाग के कनीय अभियंता चंद्रकांत और सहायक अभियंता शशि तिवारी बिल की वसूली के लिए पहुंचे थे। 27,000 रुपये का बिल देखकर जीतू राम की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

