आयुष्मान स्वास्थ्य योजना में बड़ा घोटाला: दुर्ग सहित इन जिलों के 28 अस्पतालों पर छापा, 15 का पंजीयन रद्द...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना में गड़बड़ियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर के 28 अस्पतालों पर कार्रवाई की है। जांच के उपरांत 15 अस्पतालों का पंजीयन एक वर्ष के लिए रद्द कर दिया गया, जबकि 4 अस्पतालों का पंजीयन 6 महीने और 4 का 3 महीने के लिए निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा 5 अस्पतालों को चेतावनी जारी की गई है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) की नेशनल एंटी फ्रॉड यूनिट समय-समय पर संदिग्ध दावों की जानकारी साझा करती रही है। इसी के तहत छत्तीसगढ़ सरकार ने विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद राज्य नोडल एजेंसी ने संदेहास्पद अस्पतालों की पहचान कर विशेष बैठक आयोजित की, जिसमें राज्य एवं जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर जिलों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों की टीमों ने प्रतिदिन दो अस्पतालों की विस्तृत जांच की।

निरीक्षण के दौरान अनियमितताओं के प्रमाण मिलने पर सभी 28 अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए और उन्हें जवाब देने के लिए पर्याप्त समय दिया गया। प्राप्त स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

सीएम साय ने कहा कि यह कार्रवाई आवश्यक थी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस कदम को अनिवार्य बताते हुए कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की चिकित्सा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना और शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना का उद्देश्य प्रदेशवासियों को मुफ्त और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

स्वास्थ्य मंत्री का बयान – आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य योजनाओं की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि जो भी अस्पताल नियमों का उल्लंघन करेंगे, उनके विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे। सरकार सुनिश्चित करेगी कि आयुष्मान योजना का लाभ केवल पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे और इस दिशा में आगे भी कड़े निरीक्षण किए जाएंगे।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV