छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव: 3 फरवरी को बीजेपी का घोषणा पत्र होगा जारी ,जनभागीदारी आधारित विजन, 3,511 सुझावों से तैयार विस्तृत घोषणा पत्र...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का घोषणा पत्र तैयार हो गया है। 3 फरवरी को रायपुर स्थित जिला कार्यालय एकात्म परिसर में इसका विमोचन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव और उप मुख्यमंत्री अरुण साव उपस्थित रहेंगे। शहरी मतदाताओं के लिए इसमें कौन-कौन से नए वादे किए गए हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

शनिवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में घोषणा पत्र समिति की अंतिम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पूर्व मंत्री और विधायक अमर अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर और पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू शामिल हुए। इस दौरान नगरीय विकास को लेकर प्राप्त सुझावों पर चर्चा की गई और उन्हें घोषणा पत्र में सम्मिलित कर अंतिम रूप दिया गया।

जनता की राय जानने के लिए समिति ने व्हाट्सऐप नंबर (9111014400), ईमेल और क्यूआर स्कैनर के माध्यम से सुझाव मांगे थे।

• व्हाट्सऐप के जरिए - 1,115 सुझाव प्राप्त हुए।

• ईमेल के माध्यम से - 310 सुझाव आए।

• क्यूआर स्कैनर के जरिये - 2,086 सुझाव मिले।

इस तरह कुल 3,511 सुझावों को संकलित कर घोषणा पत्र में शामिल किया गया है।

घोषणा पत्र समिति के संयोजक अमर अग्रवाल ने कहा कि यह दस्तावेज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। इसमें नगरीय विकास की प्राथमिकताओं, अधूरे कार्यों और नई योजनाओं को शामिल किया गया है।

बीजेपी का विजन यह है कि नगरीय विकास में जनता की सहभागिता आवश्यक है। इस सोच को ध्यान में रखते हुए घोषणा पत्र तैयार किया गया है, जिसमें बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता, यातायात सुधार, जल आपूर्ति, आवास और डिजिटल विकास को प्रमुखता दी गई है। अमर अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि यह घोषणा पत्र शहरों के विकास को एक नई दिशा प्रदान करेगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV