वो कहता रहा - कुछ दिन का समय और दे दो पर प्रशासन ने 30 बीघा खेत में तैयार फसल को किया नष्ट , मेहनत से उगाई फसल पर ट्रैक्टर चलते देख किसान हुआ बेहोश...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में प्रशासन ने एक किसान की 30 बीघा की फसल को नष्ट कर दिया, जिससे किसान गहरे सदमे में चला गया। अपनी मेहनत से उगाई फसल पर ट्रैक्टर चलते देख किसान वहीं गिरकर बेहोश हो गया। किसान की पत्नी लगातार प्रशासन से गुहार लगाती रही कि कुछ ही दिनों का समय दे दिया जाए, जिससे वह अपनी फसल काट सके, लेकिन अधिकारियों ने कोई सुनवाई नहीं की। जब तक किसान को होश आया, उसकी पूरी फसल तबाह हो चुकी थी।

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 30 बीघा खेत में तैयार फसल को इस तरह नष्ट होते देख किसान बेसुध हो गया। उसकी पत्नी उसके पास बैठकर रोती रही और अधिकारियों से गुहार लगाती रही कि फसल पर ट्रैक्टर न चलाया जाए, मगर प्रशासन टस से मस नहीं हुआ।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया और सरकार की तीखी आलोचना की। वहीं, प्रशासन का कहना है कि यह जमीन सरकारी थी और इसे अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार, इस जमीन के पट्टे दो साल पहले ही निरस्त कर दिए गए थे। दूसरी ओर, किसान का दावा है कि उसने अक्टूबर में इस जमीन का अर्थदंड जमा कर दिया था और इसकी रसीद भी उसके पास है। इसके बावजूद उसकी फसल नष्ट कर दी गई।

किसान मूलचंद ने बताया, "जब मैंने अपनी फसल पर ट्रैक्टर चलते देखा, तो यह सदमा सहन नहीं कर पाया और मुझे अटैक आ गया। मैं बेहोश हो गया। जब होश आया, तब तक मेरी पूरी फसल नष्ट हो चुकी थी।" इस घटना के बाद स्थानीय किसानों में भारी आक्रोश है और मामला राजनीतिक रूप से गरमा गया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV