छत्तीसगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: श्रद्धालुओं की बोलेरो को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 की मौत, 7 गंभीर घायल

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें मासूम समेत चार लोगों की जान चली गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय सभी श्रद्धालु महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। यह घटना सीतापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई।  

हाईवे पर हुआ भयानक हादसा  

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा ग्राम विशुनपुर प्लांट के समीप एनएच-43 पर घटित हुआ। महाशिवरात्रि के मौके पर श्रद्धालु किलकिला शिव मंदिर पहुंचे थे और दर्शन के बाद वे रेवापुर-सखौली लौट रहे थे। तभी उनकी बोलेरो एक तेज गति से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में कुल 11 से अधिक लोग सवार थे।  

चार की मौत, सात गंभीर रूप से घायल  

इस भीषण दुर्घटना में एक मासूम बच्चे सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा, कुछ अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं।  

आक्रोशित भीड़ ने ट्रक को जलाया  

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलने पर सीतापुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। सभी मृतकों के शव और घायलों को सीएचसी सीतापुर भेजा गया। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV