अडाणी ग्रुप ने बेटे की शादी के साथ नेक संकल्प करने की घोषणा : हर साल 500 दिव्यांग लड़कियों के विवाह में प्रत्येक को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : अडाणी ग्रुप ने समाज सेवा की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की है। इस बार, उन्होंने दिव्यांग लड़कियों के विवाह में आर्थिक सहायता देने का संकल्प लिया है। अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने स्वयं इस पहल की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे जीत अडाणी और बहू दिवा ने अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत एक नेक संकल्प के साथ करने का निर्णय लिया है। इस संकल्प के अंतर्गत हर साल 500 दिव्यांग लड़कियों के विवाह में प्रत्येक को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

मंगल सेवा’ संकल्प

गौतम अडाणी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर इस निर्णय की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, "मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि मेरा बेटा जीत और बहू दिवा अपने दांपत्य जीवन की शुरुआत एक पुण्य कार्य से कर रहे हैं। उन्होंने यह प्रण लिया है कि हर साल 500 दिव्यांग बहनों के विवाह में प्रत्येक को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसे उन्होंने ‘मंगल सेवा’ नाम दिया है। 

पिता के रूप में यह मेरे लिए अत्यंत संतोष और सौभाग्य का विषय है। मुझे विश्वास है कि इस पहल से अनेकों दिव्यांग बेटियों और उनके परिवारों का जीवन अधिक सम्मान और सुख-शांति से आगे बढ़ेगा। मैं प्रभु से प्रार्थना करता हूं कि जीत और दिवा को इस सेवा कार्य में निरंतर आगे बढ़ने की शक्ति और आशीर्वाद दें।"

7 फरवरी को परिणय सूत्र में बंधेंगे जीत और दिवा

गौतम अडाणी के बेटे जीत अडाणी और दिवा जैमिन शाह 7 फरवरी को अहमदाबाद, गुजरात में विवाह सूत्र में बंधने जा रहे हैं। गौतम अडाणी ने इस अवसर पर कहा कि यह विवाह बेहद साधारण और पूरी तरह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगा।

बता दें कि जीत अडाणी और दिवा जैमिन शाह की सगाई मार्च 2023 में हुई थी। दिवा, प्रसिद्ध हीरा व्यापारी जैमिन शाह की पुत्री हैं, जिनकी कंपनी मुंबई और सूरत में हीरा कारोबार का संचालन करती है। वहीं, जीत अडाणी वर्तमान में अडाणी ग्रुप की विभिन्न कंपनियों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा रहे हैं।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV