भिलाई : मंत्रालय में नौकरी दिलाने के बहाने 6 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी सिंह दंपति को पुलिस ने किया गिरफ्तार...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई , रायपुर मंत्रालय में नौकरी दिलाने के बहाने 6 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी सिंह दंपति को नेवई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

नगर पुलिस अधीक्षक छावनी, सत्य प्रकाश तिवारी ने जानकारी दी कि शिकायतकर्ता प्रहलाद सिंह सिकरवार ने आरोप लगाया था कि अनिता सिंह, उनके पति नरेन्द्र सिंह और उनके सहयोगी गिरीश यादव एवं भूपेश कुमार सोनवानी ने उनके बेटे नवीन सिंह को रायपुर मंत्रालय में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 4,25,000 रुपये तथा बुद्धेश्वर को मंत्रालय में प्यून पद की नौकरी दिलाने के लिए 1,70,000 रुपये विभिन्न किश्तों में और फोन के माध्यम से लिए थे।

जब नौकरी नहीं मिली और शिकायतकर्ताओं ने अपने पैसे वापस मांगे, तो अनिता सिंह ने भूपेश कुमार सोनवानी के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के दो चेक दिए—नवीन सिंह को 4,25,000 रुपये और बुद्धेश्वर को 1,50,000 रुपये का। हालांकि, जब इन चेकों को बैंक में लगाया गया, तो वे बाउंस हो गए। रकम की मांग करने पर आरोपी बहाने बनाते रहे और पैसे लौटाने से बचते रहे। इस तरह, आरोपियों ने शिकायतकर्ताओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर कुल 5,95,000 रुपये की ठगी की। यह कृत्य भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत अपराध माना गया, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

इस मामले में आरोपी गिरीश यादव और भूपेश कुमार सोनवानी को पहले ही न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था, जबकि अन्य आरोपी अनिता सिंह और नरेन्द्र सिंह ठाकुर घटना के बाद से फरार थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

4 फरवरी को पुलिस ने अनिता सिंह और नरेन्द्र सिंह ठाकुर को ब्लॉक नंबर 08, बीएसयूपी कॉलोनी, भाठागांव, रायपुर से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। 62 वर्षीय अनिता सिंह उर्फ अन्नू और 66 वर्षीय नरेन्द्र सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक आनंद शुक्ला, सहायक उपनिरीक्षक रामचंद्र कंवर, आरक्षक लोकेश सलाम, लक्ष्मीनारायण यादव, परस मंडावी, हेमंत नेताम और महिला आरक्षक दीप्ति चंद्राकर का विशेष योगदान रहा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV