भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। सड़क दुर्घटनाओं के पीछे मुख्य वजहों में से एक तेज रफ्तार होती है। तेज गति से वाहन चलाने के कारण कई हादसे हो चुके हैं। इस पर नियंत्रण पाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के लिए दुर्ग पुलिस इन दिनों इंटरसेप्टर वाहन का उपयोग कर रही है। पिछले 7 महीनों के दौरान इस वाहन के माध्यम से 2319 चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 25 लाख 89 हजार 100 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इनमें सबसे ज्यादा मामले ओवर स्पीडिंग से जुड़े थे।
एसपी जितेंद्र शुक्ला के निर्देश और एएसपी यातायात ऋचा मिश्रा के मार्गदर्शन में डीएसपी यातायात सतानंद विध्यराज के नेतृत्व में यातायात पुलिस दुर्ग सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कार्यरत है। इस अभियान के तहत तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले, नशे की हालत में गाड़ी चलाने वाले और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इंटरसेप्टर वाहन की मदद से ओवर स्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, अधिक रोशनी वाली हेडलाइट लगाने, तेज ध्वनि वाले हॉर्न के उपयोग और गहरे काले शीशे वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
यह इंटरसेप्टर वाहन आधुनिक तकनीक से लैस है, जिसमें ध्वनि विस्तारक यंत्र और 360 डिग्री निगरानी करने वाला सर्विलांस कैमरा लगा है। यह कैमरा 160 मीटर की दूरी से ही वाहन की गति को रिकॉर्ड कर सकता है। इसके अतिरिक्त, इस वाहन से नशे में गाड़ी चलाने, अत्यधिक चमकदार हेडलाइट लगाने, अनावश्यक ध्वनि उत्पन्न करने वाले उपकरणों का उपयोग करने और वाहन के शीशों पर गहरी काली फिल्म लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। साथ ही, पीए सिस्टम के जरिए नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों को हटाने के लिए अनाउंसमेंट किया जाता है।
पिछले 7 महीनों में इस इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से कुल 2319 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 321 वाहन चालक तेज रफ्तार के दोषी पाए गए, जबकि शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामलों में 146 लोगों पर कार्रवाई हुई। ब्लैक फिल्म लगे चार पहिया वाहनों के 35 मामले दर्ज किए गए, जबकि प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले 175 चालकों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा, अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 1642 चालकों से जुर्माना वसूला गया। कुल मिलाकर, इन सभी मामलों में 25,89,100 रुपये की राशि बतौर समन शुल्क वसूली गई।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

