भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :राजस्थान , अलवर जिले के बगड़ तिराया थाना क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। 7 लाख रुपये उधार देने वाले व्यक्ति को जब अपने ही पैसे वापस मांगने पर पड़ोसी की मारपीट का सामना करना पड़ा, तो इस घटना से आहत उसकी पत्नी ने आत्महत्या करने की कोशिश की। इलाज के बावजूद, 38 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
थाना क्षेत्र के नगला बजरिका निवासी असलम ने अपने पड़ोसी मुबीन को 7 लाख रुपये उधार दिए थे। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो मुबीन ने उसे बुरी तरह पीट दिया। यह अपमान और तनाव असलम की पत्नी इमराना बर्दाश्त नहीं कर पाई और 18 जनवरी को आत्महत्या की कोशिश कर ली।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद इमराना को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी हालत में सुधार भी हुआ। परिवार वाले उसे घर ले आए, लेकिन 22 जनवरी को उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई। उसे पहले अलवर जिला अस्पताल और फिर गंभीर स्थिति में जयपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान 10 फरवरी की रात करीब 2:45 बजे उसकी मौत हो गई।
परिवार का आरोप और पुलिस की कार्रवाई
मृतका के परिजनों का आरोप है कि असलम द्वारा उधार दिए गए पैसे लौटाने से इनकार करने पर मुबीन ने मारपीट की, जिसके बाद इमराना ने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

