भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :कोलकाता में एक 8वी कक्षा छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि वह मां की डांट से आहत होकर घर से निकल गई थी। शुक्रवार सुबह न्यू टाउन इलाके में झाड़ियों के बीच उसका शव बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को हिरासत में ले लिया है, जिसे छात्रा के साथ आखिरी बार देखा गया था।
परिवार ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा पढ़ाई में लापरवाही बरत रही थी, जिस कारण उसकी मां ने उसे डांटा था। इसके बाद वह रात करीब 10 बजे घर से निकल गई और जाते समय एक पत्र छोड़ गई थी। जब वह अगली सुबह तक घर वापस नहीं लौटी, तो परिवारवालों ने शुक्रवार तड़के 4:30 बजे न्यू टाउन पुलिस स्टेशन में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज से चला सुराग
पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पाया कि लड़की घर से बाहर निकलने के बाद ई-रिक्शा में बैठी थी। ई-रिक्शा चालक, जिसकी पहचान 22 वर्षीय सौमित्र रॉय के रूप में हुई, उसे अलग-अलग जगह घुमाने के बाद एक सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसने कथित रूप से लड़की का यौन उत्पीड़न किया। जब छात्रा ने मदद के लिए शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और वहां से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
अगली सुबह न्यू टाउन के लोहार पुल क्षेत्र के निवासियों को झाड़ियों में एक अर्धनग्न शव दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। यह शव पश्चिम बंगाल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन के स्वामित्व वाले एक प्लॉट में मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि लड़की के गले पर निशान और शरीर पर खरोंच के कई निशान थे। पुलिस को संदेह है कि हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया था।
आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया
मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जांच के दौरान पुलिस को इस अपराध में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के सबूत नहीं मिले।
आरोपी की पत्नी ने पुलिस को बताया कि सौमित्र रॉय पहले भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसने बताया कि आरोपी नशे की हालत में गाली-गलौज करता था और अपने गृहनगर रानाघाट में पहले भी एक महिला के साथ छेड़छाड़ के मामले में फंसा हुआ था।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

