टेक्सटाइल बाजार में भयंकर आग से बर्बादी: 800 से अधिक दुकानें राख, 500 करोड़ का नुकसान, व्यापारियों की मेहनत स्वाहा....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : सूरत के टेक्सटाइल बाजार में भीषण अग्निकांड से भारी तबाही मची। इस भयावह आग ने 800 से अधिक दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे करीब 500 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। व्यापारी अपनी वर्षों की मेहनत को जलते देख गमगीन हो गए।

बीते 24 घंटों में यह दूसरी बार आग की घटना घटी है। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने में जुटी रहीं, लेकिन बार-बार उठ रही लपटों से हालात नियंत्रण में लाने में कठिनाई हुई। दुकानों में लगी इस आग से इतना धुआं उठा कि वह शहर के कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के दृश्य कैमरे में कैद हुए, जिनमें लपटें पूरी इमारत को अपनी गिरफ्त में लेते दिख रही हैं।

आग को नियंत्रित करने के लिए फायर ब्रिगेड की 50 से अधिक गाड़ियां तैनात की गईं। यह दुर्घटना सूरत के शिवशक्ति कपड़ा बाजार में हुई, जहां लगभग 800 दुकानें थीं। कपड़े के बाजार होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

करीब 200 दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। सभी 800 दुकानों को बंद कर दिया गया, साथ ही आसपास के अन्य बाजारों को भी सुरक्षा के लिहाज से बंद करना पड़ा। दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि नियंत्रण पाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को चार से पांच बार मौके पर जाना पड़ा। दमकल कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाया।

सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र को खाली कराया गया। सूरत के डीसीपी भागीरथ गढ़वी ने जानकारी दी कि शिवशक्ति कपड़ा बाजार में लगी आग अब नियंत्रण में है। पुलिस ने प्रभावित इलाके को पूरी तरह से खाली करवा दिया था। अभी तक नुकसान के सटीक आंकड़े सामने नहीं आए हैं, लेकिन बाजार में 800 से अधिक कपड़ा दुकानों के जलकर राख होने की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, आसपास के बाजारों की भी दुकानों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV