दुर्ग पुलिस की सख्त कार्रवाई: नो-एंट्री नियम तोड़ने वाले 8 भारी वाहनों पर जुर्माना...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग पुलिस ने नो-एंट्री नियमों के उल्लंघन पर सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जहां भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है, वहां नियम तोड़ने वाले चालकों पर अब पुलिस का कड़ा रुख देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में, ट्रैफिक पुलिस ने एक दिन में ही भारत माला परियोजना के तहत फ्लाई ऐश लेकर जाने वाले 8 ट्रेलरों का चालान काटते हुए 18 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।

ट्रैफिक एएसपी ऋचा मिश्रा के अनुसार, शहर के कुछ हिस्सों में बढ़ती दुर्घटनाओं और यातायात भीड़ को देखते हुए नो-एंट्री नियम लागू किए गए हैं। बावजूद इसके, भारी वाहन इन क्षेत्रों में लगातार प्रवेश कर रहे हैं। नागरिकों की शिकायतों के आधार पर बुधवार को पुलिस ने उतई के बाजार और रिहायशी इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान, दिन में प्रवेश करने वाले 8 ट्रेलरों को रोककर उन पर जुर्माना लगाया गया।

एएसपी मिश्रा ने बताया कि अधिकांश भारी वाहन फ्लाई ऐश लेकर भारत माला परियोजना के लिए जाते हैं। अधिक चक्कर लगाने की जल्दी में चालक नो-एंट्री के समय का पालन नहीं कर रहे हैं और दिन के समय भी शहर के अंदर इन वाहनों का आवागमन हो रहा है। पहले इन्हें समझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन जब वे नियमों का उल्लंघन जारी रखे हुए थे, तब सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।

नए निर्देशों के अनुसार, भारी वाहनों को केवल रात 11 बजे से सुबह 6 बजे के बीच ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। उतई बाजार और रिहायशी इलाकों समेत उन सभी स्थानों पर, जहां नो-एंट्री लागू है, सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई वाहन चालक इस नियम का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ तत्काल चालानी कार्रवाई की जाएगी।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV