दुर्ग में बड़ा बवाल : धर्मांतरण के आरोप पर हिंदू संगठनों का विरोध, अमलेश्वर में प्रदर्शन, 97 लोग हिरासत में...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग जिले के अमलेश्वर क्षेत्र में धर्मांतरण के मुद्दे को लेकर हिंदू संगठनों ने उग्र विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने एक विशेष समुदाय के लोगों पर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए उनके घर को घेर लिया। इस घटना के बाद अमलेश्वर पुलिस ने 97 लोगों को हिरासत में लिया। फिलहाल, क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अमलेश्वर पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर सूचना मिली कि कुछ लोग एक घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं और नारेबाजी कर रहे हैं। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उस घर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए हैं और वहां एक विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही है, जिसमें भोले-भाले गरीब लोगों का जबरन धर्मांतरण कराया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने तत्काल भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर भेजा। पुलिस बल के पहुंचने के बाद भी प्रदर्शनकारी वहां से हटने को तैयार नहीं थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधिकारियों को स्वयं घटनास्थल पर जाना पड़ा।

क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धर्म सभा आयोजित करने वाले घर से 97 लोगों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ जारी है। खबर लिखे जाने तक स्थिति सामान्य हो चुकी थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस घर में यह धार्मिक सभा हो रही थी, वह विनय कुमार साव का बताया जा रहा है। हिंदू संगठनों ने पुलिस को सूचित किया कि वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और घर के अंदर जाकर जांच की। इसके बाद 97 लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के सदस्यों ने घर के बाहर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। उनकी उग्र प्रतिक्रिया को देखते हुए घर के अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकले। बाद में, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को हिरासत में लिया और बाहर निकाला।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV