भिलाई नगर निगम उपचुनाव पर सस्पेंस: भाजपा की निर्विरोध जीत पर संशय, हाईकोर्ट के आदेश के बाद आयोग ने रोका चुनाव...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग जिले के भिलाई नगर निगम के वार्ड-35 में होने वाले उपचुनाव पर राज्य निर्वाचन आयोग ने हाईकोर्ट के स्थगन आदेश के बाद रोक लगा दी है। इस स्थिति को लेकर कांग्रेस का कहना है कि वार्ड-35 का उपचुनाव अब रद्द हो चुका है, जबकि भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थक इसे अपनी जीत मान रहे हैं। उनका दावा है कि उन्हें रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) से जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त हो चुका है और वे निर्विरोध विजेता घोषित किए जा चुके हैं।

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दरअसल, वार्ड-35 के पूर्व पार्षद मो. सलमान पर गलत ओबीसी प्रमाण पत्र के आधार पर चुनाव लड़ने का आरोप था, जिसके चलते दुर्ग संभागायुक्त ने उनके निर्वाचन को अमान्य कर दिया था। इस कारण इस वार्ड में नगरीय निकाय चुनाव के साथ उपचुनाव भी कराया जा रहा था।

भाजपा ने इस चुनाव में चंदन यादव को अपना प्रत्याशी बनाया था, जबकि कांग्रेस ने मनोज सिन्हा को चुनाव मैदान में उतारा था। हालांकि, नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 31 दिसंबर को मनोज सिन्हा ने अपना नाम वापस ले लिया, जिसके चलते चंदन यादव को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया। इसके बाद भिलाई के रिटर्निंग ऑफिसर संजय अग्रवाल ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र भी प्रदान कर दिया।

भाजपा के प्रत्याशी, उनके समर्थक, भिलाई जिला अध्यक्ष और वैशाली नगर विधायक इस जीत का जश्न मना ही रहे थे कि इसी दौरान राज्य निर्वाचन आयोग का एक आदेश सामने आया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मो. सलमान ने हाईकोर्ट से अपने पार्षद पद को शून्य करने के निर्णय के खिलाफ स्थगन आदेश प्राप्त कर लिया है।

हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने दुर्ग कलेक्टर को वार्ड-35 के इस उपचुनाव को स्थगित करने का निर्देश दिया, जिसके बाद चुनावी प्रक्रिया रोक दी गई। इस विषय पर अभी तक दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, अपर कलेक्टर अरविंद एक्का और भिलाई के आरओ संजय अग्रवाल का कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

इसके अतिरिक्त, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने कांग्रेस प्रत्याशी मनोज सिन्हा को भाजपा में शामिल करा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार के नाम वापस लेने के कारण भाजपा प्रत्याशी की निर्विरोध जीत तय हुई है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV