भिलाई में शातिर वाहन चोर गिरफ़्तार: पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिलें की बरामद, जांच जारी....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। दुर्ग पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी गई तीन मोटरसाइकिलों के साथ एक शातिर वाहन चोर और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये आंकी गई है। ये वाहन छावनी, नेवई और स्मृति नगर चौकी क्षेत्र से चोरी किए गए थे। फिलहाल, इन तीनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस आगे की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए एसपी जितेंद्र शुक्ला ने एसीसीयू और सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखना शुरू कर दिया था और कुछ खास सूत्रों को सक्रिय किया गया था। जेल से रिहा हुए पुराने अपराधियों पर भी पुलिस की निगरानी बनी हुई थी। इसी बीच, मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बुलेट मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उस व्यक्ति को धर-दबोचा। पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम शहनवाज हुसैन बताया और जब उससे वाहन के बारे में पूछा गया तो उसने इसे चोरी का बताया। 

आगे पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने स्मृति नगर चौकी क्षेत्र से एक R15 मोटरसाइकिल और थाना छावनी क्षेत्र से एक अन्य R15 मोटरसाइकिल चुराई थी। आरोपी के पास से चोरी की गई उक्त मोटरसाइकिलों के अलावा एक एक्टिवा स्कूटर भी बरामद कर लिया गया। इस मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित थानों द्वारा की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में एसीसीयू टीम के प्रधान आरक्षक सगीर खान, आरक्षक भावेश पटेल, रिंकू सोनी, राकेश अन्ना, गुणित, राकेश चौधरी, अमित सिंह, उप-निरीक्षक महात्मा प्रसाद, थाना छावनी के प्रधान आरक्षक सूरज पांडे, जगत पाल जांगड़े, नेवई थाना से आरक्षक रवि बीसाई, लक्ष्मीनारायण, हेमशंकर, चितरंजन देवांगन, नेवई थाना के प्रधान आरक्षक अहफाज खान तथा चौकी स्मृति नगर की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV