भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक भयावह घटना सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति की पत्नी के साथ चार महीनों तक जबरन दुष्कर्म किया गया और अब उस व्यक्ति को, जो इस मामले में गवाह था, डीजल डालकर जिंदा जला दिया गया। इस दर्दनाक वारदात से क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है।
इस मामले में मृतक की पहचान उसके कपड़ों के आधार पर की गई। उसके परिवार ने आरोप लगाया है कि हत्या की वारदात को आरोपियों ने साजिश के तहत अंजाम दिया। मृतक के पिता ने हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शव, जो आधा जल चुका था, पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। यह घटना बिछवां थाना क्षेत्र की है, जहां हाल ही में खेत के पास अधजला शव पाया गया था। जांच के बाद उसकी पहचान 40 वर्षीय साजिद के रूप में हुई, जिसे उसके परिवार ने कपड़ों के जरिए पहचाना।
परिजनों का कहना है कि साजिद अपनी पत्नी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में गवाह था। उसकी पत्नी को चार महीने तक बंधक बनाकर दुष्कर्म का शिकार बनाया गया था। साजिद इस मामले में अपनी पत्नी के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रहा था, लेकिन आरोपी उसे बार-बार गवाही देने से रोकने की धमकी दे रहे थे। जब वह झुका नहीं तो उसे निर्ममता से मार दिया गया।
साजिद के परिवार ने आरोप लगाया है कि इस भयावह कृत्य के पीछे भोला प्रधान और उसके बेटे शामिल हैं। उन्होंने साजिद को गवाही न देने के लिए लगातार दबाव डाला और कई बार उसे धमकाया भी था। आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई, फिर उसे एक ट्यूबवेल पर ले जाकर उस पर डीजल डाल दिया और आग लगा दी। आरोपियों ने उसे जलाने के लिए सूखी घास और लकड़ियां भी उसके ऊपर रख दीं।
आजतक की रिपोर्ट के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बिछवां थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का अधजला शव मिलने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में शव की पहचान साजिद के रूप में हुई, जो गाजियाबाद में काम करता था। पुलिस इस मामले में गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

