भिलाई और रिसाली में तीन दिन तक जल आपूर्ति बंद: पाइप लाइन लीकेज और जलशोधन संयंत्र की मरम्मत के चलते व्यवस्था प्रभावित....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई और रिसाली नगर निगम क्षेत्रों में आगामी तीन दिनों तक पानी की आपूर्ति पूरी तरह से बाधित रहेगी। इसकी वजह जलशोधन संयंत्र की मरम्मत कार्य है, जिसके चलते 18 फरवरी से संयंत्र को शटडाउन किया जा रहा है। जल संकट से निपटने के लिए निगम प्रशासन ने वैकल्पिक रूप से टैंकरों की व्यवस्था की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भिलाई नगर द्वारा निर्मित 66 एमएलडी जलशोधन संयंत्र से शुद्ध किए गए पानी की आपूर्ति भिलाई और रिसाली नगर निगम के विभिन्न वार्डों में की जाती है। हाल ही में इस संयंत्र में पानी लाने वाली राइजिंग पाइप लाइन में लीकेज की समस्या उत्पन्न हो गई है, जिसके सुधार कार्य को आवश्यक माना गया है।

मरम्मत कार्य 19 से 21 फरवरी तक चलेगा। भिलाई नगर निगम के इंजीनियरों के अनुसार, 19 फरवरी की सुबह 9:30 बजे से जलशोधन संयंत्र का शटडाउन लेकर पाइप लाइन की मरम्मत की जाएगी। इस कार्य के कारण पूरे तीन दिनों तक पानी की आपूर्ति पूर्ण रूप से बंद रहेगी।

इन इलाकों में पेयजल आपूर्ति रहेगी बाधित:

मरम्मत कार्य के चलते 19 फरवरी की शाम को फरीद नगर और स्मृति नगर क्षेत्र में पानी की सप्लाई बाधित रहेगी। इसी प्रकार, 20 और 21 फरवरी को भिलाई नगर निगम के नेहरू नगर, स्मृति नगर, फरीद नगर, स्लॉटर हाउस, खम्हरिया और रिसाली नगर निगम के रूआबांधा, नेवई, मरोदा, तथा रिसाली उच्च स्तरीय जलागारों में पेयजल की आपूर्ति पूरी तरह से रुकी रहेगी।

ट्रैफिक टावर के पीछे पाइप लाइन में लीकेज:

66 एमएलडी जलशोधन संयंत्र में पानी की आपूर्ति शिवनाथ नदी से पाइप लाइन के माध्यम से की जाती है। यह पाइप लाइन दुर्ग के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरती हुई जलशोधन संयंत्र तक पहुंचती है। इसी पाइप लाइन में नेहरू नगर स्थित ट्रैफिक टावर के पीछे लीकेज की समस्या सामने आई है, जिसे ठीक करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति:

गर्मी का मौसम न होने के कारण पानी की समस्या गंभीर रूप से नहीं बढ़ेगी, लेकिन एहतियातन निगम प्रशासन ने टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की वैकल्पिक योजना तैयार की है। यदि किसी क्षेत्र में पानी की अधिक कमी महसूस होती है, तो वहां टैंकरों के जरिए जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV