भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भोपाल। प्रयागराज में जारी महाकुंभ में श्रद्धालु भारी संख्या में पहुंच रहे हैं, जहां आम से लेकर खास तक हर कोई आस्था की डुबकी लगा रहा है। धार्मिक वातावरण के बीच एक अनोखा पारिवारिक विवाद सामने आया है। राजधानी भोपाल में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के महाकुंभ जाने से नाराज होकर कुटुंब न्यायालय में तलाक की याचिका दायर की है।
पति का कहना है कि उसने पत्नी को धार्मिक यात्रा पर जाने से मना किया था, लेकिन वह फिर भी अपनी सहेलियों के साथ महाकुंभ चली गई। इससे पहले भी वह वृंदावन की यात्रा कर चुकी थी, और लौटने के बाद उसने सिंदूर और बिंदी की जगह चंदन का टीका लगाना शुरू कर दिया।
महाकुंभ से वापस आने पर उसने रुद्राक्ष की माला धारण कर ली, जिससे उसके पहनावे और व्यवहार में स्पष्ट बदलाव देखा गया। पति का दावा है कि उसके दोस्तों ने इस बदलाव को लेकर उसका ऑफिस पार्टी में मजाक उड़ाया, क्योंकि अब वह न तो ब्यूटी पार्लर जाती है और न ही पहले की तरह सजती-संवरती है।
इसके अलावा, पति ने आरोप लगाया कि पत्नी पहले प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी, लेकिन बार-बार असफल रहने के कारण सरकारी नौकरी हासिल नहीं कर सकी। इसके बाद उसने पूजा-पाठ और टोने-टोटकों की ओर रुख कर लिया। पति के अनुसार, पत्नी अब धार्मिक गुरुओं की सलाह पर मंदिरों में घंटों समय बिताने लगी है। इन आदतों की वजह से उनका वैवाहिक जीवन प्रभावित हो रहा है, जिस कारण उसने तलाक की अर्जी दी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

