भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : मप्र, सिंगरौली जिले में एक आर्केस्ट्रा डांसर के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह घटना बुधवार रात माड़ा थाना क्षेत्र के चौरा के जंगल इलाके में घटी। पीड़िता एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के बाद देर रात अपने साथियों के साथ घर लौट रही थी।
गुरुवार देर रात इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों—राजेश शाह, राहुल शाह, पंकज शाह, ओमप्रकाश शाह, पंकज शाह और सुंदरलाल शाह—को गिरफ्तार कर शुक्रवार शाम जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा ने पुष्टि की कि सभी आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं और उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय पीड़िता आर्केस्ट्रा में नृत्य और गायन का कार्य करती है। बुधवार को वह एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी और रात में अपने साथी के साथ बाइक से लौट रही थी।
रास्ते में जब वे चौरा के जंगल क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी कुछ युवकों ने उनकी बाइक जबरन रोक ली और युवती को घसीटकर ले गए। इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता के साथी के साथ मारपीट की और उसे डराकर मौके से भगा दिया। इसके बाद उन्होंने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
जानकारी के अनुसार, ये आरोपी कार्यक्रम के दौरान भी युवती को परेशान कर रहे थे और उस पर अश्लील टिप्पणियां कर रहे थे। जब कार्यक्रम समाप्त हुआ, तो उन्होंने बाइक से उसका पीछा किया और उसे डराने की कोशिश की।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे कुछ अनहोनी की आशंका थी, इसलिए वह रास्ते में एक पेट्रोल पंप पर रुक गई। हालांकि, वहां भी आरोपी उसे परेशान करते रहे और फब्तियां कसते रहे। जब वे आगे बढ़े और जंगल के करीब पहुंचे, तो आरोपियों ने बाइक को जबरन रोककर उसे नीचे उतारा और घसीटते हुए जंगल में ले गए, जहां उन्होंने अपराध को अंजाम दिया।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

