घटना अजय नगर की है, जहां रहने वाले मोहम्मद अलीम का बेटा पढ़ाई में कमजोर था और घर से चोरी करने की आदत से ग्रस्त था। पिता कई बार उसे समझा चुके थे, लेकिन उसकी आदत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। सोमवार की देर रात, जब मोहम्मद अलीम काम से घर लौटे, तो उन्होंने बेटे को पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए कहा। इस बात पर दोनों के बीच बहस छिड़ गई। इसके बाद, जब अलीम सो रहे थे, तो उनके नाबालिग बेटे ने उन्हें आग के हवाले कर दिया और वहां से फरार हो गया। इस घटना में अलीम की मौके पर ही मौत हो गई।
नवीन नगर चौकी प्रभारी हर्षवर्धन ने बताया कि देर रात उन्हें सूचना मिली कि अजय नगर में एक व्यक्ति को आग लगाकर मार दिया गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। स्थानीय लोगों और परिवार से पूछताछ में पता चला कि आरोपी बेटा अक्सर अपने पिता की जेब से पैसे चुराता था और पढ़ाई में रुचि नहीं लेता था। पिता उसे समझाने की कोशिश करते थे, लेकिन वह नहीं सुधर रहा था।फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

