भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :भिलाई , रेत से लदा एक हाइवा छावनी सीएसपी कार्यालय के पास डिवाइडर से टकरा गया, जिससे बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक एवं परिचालक फंस गए।
मंगलवार सुबह करीब 9 बजे, एक हाईवा (CG 07 CN 2697) सेक्टर 1 से नंदिनी की ओर जा रहा था। जैसे ही उसने ओवरब्रिज से नीचे उतरने का प्रयास किया, चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया, जिससे वह सीधे डिवाइडर पर लगे लोहे के बड़े पोल से टकरा गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूरे छावनी कैंप 2 तक आवाज सुनाई दी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोग भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप सिंह के अनुसार, टक्कर की वजह से हाइवा का अगला भाग पूरी तरह अंदर धंस गया, जिससे चालक उसमें बुरी तरह फंस गया। साथ ही, परिचालक भी अंदर ही फंस गया था।
स्थानीय लोगों की मदद से परिचालक को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन चालक अभी भी स्टेयरिंग में फंसा हुआ था। उसे बाहर निकालने के लिए छावनी पुलिस ने गैस कटर मंगवाया। ट्रक के केबिन का अगला हिस्सा काटे बिना चालक को सुरक्षित निकालना संभव नहीं था। खबर लिखे जाने तक चालक अब भी वाहन में फंसा हुआ था।
गौरतलब है कि सेक्टर 1 से नंदिनी की ओर जाने वाले रेलवे फ्लाईओवर से सिर्फ हल्के नॉन-कमर्शियल वाहनों को गुजरने की अनुमति है। बावजूद इसके, पुलिस की मिलीभगत से रेत और फ्लाई ऐश से भरे भारी वाहन इस मार्ग से लगातार गुजरते रहते हैं।
इस स्थान पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। ठीक एक महीने पहले, एक डीसीएम ट्रक छावनी सीएसपी कार्यालय की बाउंड्री को तोड़ते हुए अंदर घुस गया था। इसके बावजूद, प्रशासन इस मार्ग से ट्रकों की आवाजाही को रोकने में नाकाम साबित हुआ है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

