गर्लफ्रेंड की सहेली के साथ शराब पार्टी के बाद कार में घूम रहा था आईटी मैनेजर, खंभे से टकराने से हुई दर्दनाक मौत, युवती घायल...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : मप्र इंदौर में गुरुवार रात हुए एक सड़क हादसे में आईटी कंपनी के मैनेजर प्रणय तलरेजा की जान चली गई। वह अपनी दोस्त खुशी लामगे के साथ बायपास पर कार से घूमने निकला था। तेज़ गति से चल रही कार बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार 360 डिग्री घूम गई। हादसे में प्रणय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खुशी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसके दोनों हाथों में चोट आई है। 

पुलिस जांच में सामने आई अहम जानकारियां  

कनाड़िया पुलिस थाने के टीआई सहर्ष यादव के अनुसार, यह दुर्घटना कनाड़िया ब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर हुई। प्रणय, जो एसपी विला (बायपास) का निवासी था, अपनी गर्लफ्रेंड की दोस्त खुशी लामगे, जो लोकमान्य नगर में रहती है, के साथ देर रात कार से निकला था। करीब 2:30 बजे उनकी कार हनुमान मंदिर के पास बिजली के खंभे से टकरा गई।  

सीट बेल्ट नहीं पहनी थी, सिर पर गंभीर चोटें आईं  

हादसे में प्रणय कार के स्टीयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गया था। उसके सिर और कान से खून बह रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया कि उसने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी, जिस वजह से झटके से सीधे स्टीयरिंग पर जा टकराया। दूसरी ओर, खुशी ने सीट बेल्ट पहनी थी, जिससे वह गंभीर चोटों से बच गई।  

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को एमवाय अस्पताल भेजा गया, जबकि घायल खुशी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। खुशी देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) से एमबीए कर रही है और प्रणय की गर्लफ्रेंड प्रेक्षा की दोस्त बताई जा रही है। प्रणय एक आईटी कंपनी में मैनेजर था और उसके पिता व्यवसायी हैं। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।  

हादसे से पहले कार में हुई थी शराब पार्टी  

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हादसे से पहले प्रणय और खुशी राऊ बायपास से कार में घूमने निकले थे। रास्ते में राजेंद्रनगर स्थित वाइन शॉप से बीयर खरीदी गई थी। इसी दौरान एक वाहन चालक से हल्की टक्कर हो गई, जिसके बदले उन्होंने उसे 5,000 रुपये हर्जाने के रूप में दिए थे।  

इसके बाद वे बायपास पर घूमने चले गए और लौटते वक्त दुर्घटना हो गई। खुशी के बयान के मुताबिक, कार की रफ्तार तेज़ थी और अचानक एक पत्थर सामने आ जाने से वाहन संतुलन खो बैठा, जिससे कार सीधे बिजली के खंभे से टकरा गई और 360 डिग्री घूम गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV