भिलाई : डायलिसिस से लौटते वक्त तेज रफ्तार का कहर: भीषण सड़क हादसे में गई युवक की जान, मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के नेहरू नगर चौक के पास शनिवार देर रात एक तेज गति से आती बाइक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी चला रहे चंद्र प्रकाश साहू उर्फ पप्पू (43) की मौत हो गई। यह दुर्घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में हुई।

भिलाई के निवासी ओमप्रकाश वर्मा ने बताया कि चंद्र प्रकाश कैंप-1 शास्त्री नगर में मुन्ना होटल के पास रहते थे। उनकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी थीं, जिसके चलते उन्हें हर 15 दिन में भिलाई-नागपुर हाईवे स्थित डी मार्ट के आगे आरोग्यम हॉस्पिटल में डायलिसिस के लिए जाना पड़ता था।

शनिवार को भी वह अपनी स्कूटी से डायलिसिस कराने आरोग्यम हॉस्पिटल गए थे। रात करीब 10 बजे वे वहां से लौट रहे थे और धीरे-धीरे स्कूटी चलाते हुए भिलाई की ओर बढ़ रहे थे। जब वे बाईपास से होते हुए नेहरू नगर चौकी के करीब पहुंचे, तभी रायपुर पासिंग की बाइक (CG 04 NM 2396) के चालक छोटू शर्मा ने रॉन्ग साइड से तेज गति में आते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हुई मौत

टक्कर इतनी भयंकर थी कि स्कूटी और बाइक के परखच्चे उड़ गए। चंद्र प्रकाश उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें सुपेला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बीएम शाह अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

चंद्र प्रकाश अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके घर में 12 साल और 7 साल की दो बेटियां तथा 3 साल का एक बेटा है। उनकी पत्नी एक गृहणी हैं। परिवार के भरण-पोषण के लिए वे 'ख्याती स्टूडियो' चलाते थे। उनकी असमय मौत के कारण परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV