भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक बस के भीतर 26 वर्षीय युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। स्वारगेट पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, लेकिन वह अब तक फरार है। पुणे सिटी पुलिस की डीसीपी स्मार्थना पाटील ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आठ विशेष टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना पुणे के व्यस्ततम स्वारगेट बस स्टैंड पर खड़ी एक स्टेट ट्रांसपोर्ट बस के अंदर घटी। आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि रही है और उसके खिलाफ पहले भी चोरी व चेन स्नेचिंग जैसे कई मामले दर्ज हैं।
आरोपी की पहचान और घटना का विवरण
स्वारगेट पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी दत्ता गाडे के रूप में पहचाना गया है। उसके खिलाफ चोरी और चेन स्नेचिंग के कई मामले पहले से दर्ज हैं। स्वारगेट बस स्टैंड महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) का सबसे बड़ा जंक्शन है। पीड़िता, जो यहां काम करती है, अपने गांव जाने के लिए बस पकड़ने आई थी, उसी दौरान यह घटना घटी।
आरोपी ने कैसे लड़की को जाल में फंसाया?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शाम साढ़े पांच बजे से साढ़े छह बजे के बीच हुई। आरोपी ने पहले युवती से बातचीत कर उसकी पहचान बनाई और मीठे लहजे में पूछा कि वह कहां जा रही है। जब लड़की ने फलटण जाने की बात कही, तो आरोपी ने उसे भ्रमित करते हुए बताया कि फलटण जाने वाली बस वहां से नहीं बल्कि दूसरी जगह से मिलेगी। लड़की ने पहले तो आपत्ति जताई, लेकिन आरोपी ने विश्वास दिलाया कि वह सही जानकारी दे रहा है और उसे बस तक पहुंचाने में मदद करेगा।
सीसीटीवी फुटेज से खुलासा
डीसीपी स्मार्थना पाटील ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी और पीड़िता को बातचीत करते और एक साथ जाते हुए देखा गया है। जब दोनों बस के पास पहुंचे, तो लड़की ने अंधेरा देखकर संदेह जताया, लेकिन आरोपी ने समझाया कि रात हो जाने के कारण यात्री लाइट बंद कर सो रहे होंगे। आरोपी ने इस बहाने से लड़की का विश्वास जीत लिया, जिसके बाद लड़की बस के अंदर गई और आरोपी भी उसके पीछे-पीछे घुस गया। इसके बाद आरोपी ने दरवाजा बंद कर घटना को अंजाम दिया।
दोस्त की सलाह पर पुलिस में शिकायत दर्ज
पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बस से उतरकर वहां से फरार हो गया। पीड़िता भी किसी अन्य बस से अपने घर जाने लगी। रास्ते में उसने अपने एक दोस्त को पूरी घटना बताई। दोस्त ने उसे सलाह दी कि वह सीधे घर जाने के बजाय पहले पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराए। इसके बाद पीड़िता पुलिस के पास पहुंची और तुरंत एफआईआर दर्ज करवाई गई।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और उसके भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

