भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) खैरागढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने एक दिवसीय दौरे पर डोंगरगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने जैन मुनि आचार्य विद्यासागर महाराज की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित विनयांजलि सभा में भाग लिया और उन्हें नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय सहित अनेक नेता उपस्थित रहे। इस अवसर पर गृह मंत्री शाह ने आचार्य विद्यासागर महाराज की स्मृति में विशेष रूप से 100 रुपए का स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया।
गृह मंत्री शाह ने सबसे पहले चंद्रगिरी स्थित समाधि स्थल पर जाकर आचार्य विद्यासागर महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके चरणों में शीश नवाया। इसके पश्चात वे जैन समाज द्वारा आयोजित विनयांजलि सभा में पहुंचे, जहां उन्होंने आचार्य के व्यक्तित्व और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आचार्य विद्यासागर महाराज का संपूर्ण जीवन और उनकी साधना भारतीय संस्कृति को समर्पित रही है। उनकी तपस्या और आध्यात्मिक ज्ञान ने भारत को विश्व में नई पहचान दिलाई। वे केवल संत ही नहीं, बल्कि महान विद्वान भी थे, जिन्होंने समाज को नवीन विचार प्रदान किए।
विशेष स्मारक सिक्के और डाक टिकट का विमोचन
गृह मंत्री अमित शाह ने इस अवसर पर आचार्य विद्यासागर महाराज के चित्रांकित 100 रुपए के विशेष स्मारक सिक्के और एक डाक टिकट का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि युगद्रष्टा संत की प्रेरणादायक विरासत को संरक्षित करने का प्रयास है। उनके विचार और शिक्षाएं आने वाली पीढ़ियों को सदैव मार्गदर्शन प्रदान करती रहेंगी। शाह ने कहा कि आचार्य विद्यासागर महाराज मात्र जैन संत नहीं थे, बल्कि वे भारतीय संस्कृति और अध्यात्म के सशक्त प्रतीक थे। उनकी शिक्षाओं ने समाज को एक नई दिशा दी और उनके आदर्श आज भी प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
मां बम्लेश्वरी मंदिर के दर्शन और प्रतिभास्थली में भोजन
गृह मंत्री अमित शाह ने चंद्रगिरि स्थित प्रतिभास्थली का भी दौरा किया, जहां उन्होंने जैन संतों के सानिध्य में भोजन ग्रहण किया। इसके उपरांत वे विश्व प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर पहुंचे और माता के दर्शन कर विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और सांसद संतोष पांडेय सहित अन्य वरिष्ठ नेता उनके साथ मौजूद रहे।
डोंगरगढ़ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
गृह मंत्री अमित शाह की यात्रा को देखते हुए डोंगरगढ़ में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने पूरी सतर्कता बरतते हुए हर क्षेत्र में सुरक्षा बल तैनात किए, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके। अमित शाह के इस प्रवास को लेकर डोंगरगढ़ और जैन समाज में विशेष उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में लोग समाधि स्थल और विनयांजलि सभा में शामिल हुए और आचार्य विद्यासागर महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

