शादी में तेंदुए की एंट्री से दूल्हा-दुल्हन संग बाराती हुए दहशत में! सहेलियों संग दुल्हन भागी, दूल्हा खिड़की से कूदा. , ऐसे बची सबकी जान...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : लखनऊ के पारा क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान बुधवार रात उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई जब एक तेंदुआ अचानक मैरिज हॉल में प्रवेश कर गया। यह अप्रत्याशित घटना बुद्धेश्वर रिंग रोड स्थित एमएम लॉन में रात करीब 11:40 बजे हुई, जिससे सैकड़ों मेहमान अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।इसी बीच डरकर शादी में आये एक मेहमान ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी और वह घायल हो गया|

शादी समारोह की एलईडी स्क्रीन पर दूल्हा-दुल्हन और बारात का प्रसारण चल रहा था। तभी स्क्रीन पर अचानक तेंदुआ दिखाई दिया, जिसे देखते ही वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए। इस बीच, दुल्हन मैरिज हॉल के अंदर थी, और घबराए हुए लोग जोर-जोर से चिल्लाने लगे, "दुल्हन को बाहर निकालो!" पूरी रात अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, और वन विभाग की टीम के कठिन प्रयासों के बाद आखिरकार तेंदुए को रेस्क्यू कर लिया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा गया तेंदुआ

ताजा जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद सुबह 4 :00 बजे तेंदुए को पकड़ लिया। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। तेंदुए के हमले में वन विभाग के एक अधिकारी घायल हो गए।

वनकर्मी पर हमला

शादी समारोह के दौरान अचानक तेंदुए के घुसने से हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए के हमले में एक वनकर्मी घायल हो गया, जो उसे पकड़ने की कोशिश कर रहा था।

मेहमानों में मची भगदड़

डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि यह शादी दीपक कुमार नामक व्यक्ति की बहन की थी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत वहां पहुंची और वन विभाग को सूचित किया गया। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समारोह स्थल को खाली कराया गया और वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया। जब तेंदुआ टेंट के पीछे से अंदर घुसा, उस समय मेहमान भोजन कर रहे थे और फोटोग्राफर शादी के खास पलों को कैद कर रहे थे।

शुरुआत में कुछ लोगों को लगा कि यह कोई मजाक या आवारा कुत्ता हो सकता है, लेकिन जैसे ही तेंदुआ भीड़ की ओर बढ़ा, चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। इस भगदड़ में दो कैमरामैन गिरकर घायल हो गए। घबराए हुए तेंदुए ने भागकर हॉल के छत की ओर छलांग लगा दी।

घायल वनकर्मी अस्पताल में भर्ती

लखनऊ के डीएफओ सीतांशु पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। जब टीम मैरिज हॉल की दूसरी मंजिल पर पहुंची, तो तेंदुआ टूटे हुए फर्नीचर के पीछे छिपा हुआ था। जैसे ही वन अधिकारी मुकद्दर अली तेंदुए के करीब पहुंचे, उसने उन पर हमला कर दिया और उनके दाहिने हाथ पर गंभीर चोट आई। अली को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डीएफओ पांडे ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि तेंदुआ कुछ समय तक हॉल में ही छिपा रहा था, इसलिए वहां के लोहे के चैनल को बंद कर दिया गया था। सभी मेहमानों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना के बाद पुलिस और वन विभाग ने स्थानीय निवासियों के लिए चेतावनी जारी की है, जिसमें उन्हें सतर्क रहने, रात के समय अकेले बाहर न निकलने और अपने घरों की छतों और दरवाजों को सुरक्षित रूप से बंद रखने की सलाह दी गई थी| कठिन प्रयासों के बाद आखिरकार तेंदुए को रेस्क्यू कर लिया गया।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV