भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र में एक व्यापारी से लाखों रुपए के आभूषण लूटने की घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने फेरी लगाकर सोने-चांदी के गहने बेचने वाले व्यापारी की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बोरी पुलिस के अनुसार, ग्राम टेकापार निवासी महेंद्र कुमार सोनी अपने भतीजे राहुल सोनी के साथ सोने-चांदी के गहनों की फेरी लगाकर बेचने का काम करता है। 22 फरवरी की सुबह 7 बजे, वह अपने भतीजे के साथ ग्राम रूहा के लिए बाइक से निकला। पूरे दिन गहने बेचने के बाद, वे रात करीब साढ़े दस बजे अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में, बरगद के पेड़ के पास तीन संदिग्ध लोग खड़े दिखे।
बदमाशों ने हाथ देकर उनकी बाइक रुकवाई। जैसे ही राहुल ने बाइक रोकी, एक आरोपी ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिससे वह बाइक सहित गिर गया। इस बीच, तीनों लुटेरों ने उनके पास मौजूद काले रंग के रेगजीन बैग को छीन लिया और वहां से फरार हो गए।
महेंद्र ने देखा कि लुटेरे अपनी बाइक से खिलौरा गांव की ओर भाग रहे थे। आंखों में मिर्च पाउडर पड़ने के कारण वे आरोपियों की बाइक का नंबर नहीं देख सके। इसके बावजूद, दोनों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की।
जब महेंद्र और राहुल ने आरोपियों का पीछा किया, तो उन्होंने चाकू निकालकर डराने की कोशिश की और उन्हें वापस लौटने के लिए धमकाया। डर के कारण वे तुरंत बोरी थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
लूटे गए बैग में लाखों रुपए के गहने थे, जिनमें सोने की पत्ती, डोरला बेलपत्ती, मंगलसूत्र, पिटवामनी, बाली, फुल्ली, ओम लॉकेट और चांदी की गुब्बा पायल, फैंसी पायल, बच्चों की फैंसी पायल और अन्य आभूषण शामिल थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

