भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में स्थित चौहान ग्रीन वैली कॉलोनी में शनिवार रात नशे में धुत चार युवकों ने जमकर हंगामा किया। इन आरोपियों ने एक महिला सुरक्षा गार्ड के साथ छेड़छाड़ की और जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने एक पुलिसकर्मी के अंगूठे को मरोड़कर तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला।
कॉलोनी में असामाजिक तत्वों की गतिविधियाँ लगातार बढ़ रही हैं। एक सप्ताह पूर्व ही एक युवक ने कार से टकराकर गेट तोड़ दिया था, जिससे एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई थी। इसी क्रम में, शनिवार देर रात चार बाहरी युवक शराब पीकर कॉलोनी पहुंचे और उत्पात मचाने लगे।
महिला गार्ड ने जब उनसे रजिस्टर में एंट्री किए बिना अंदर जाने से मना किया, तो वे आक्रोशित हो गए और उसके साथ दुर्व्यवहार करने लगे। महिला गार्ड ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। पुलिस के पहुंचने पर आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से भी हाथापाई की और एक पुलिसकर्मी का अंगूठा मरोड़कर तोड़ दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने एक पुलिसकर्मी को थप्पड़ भी मार दिया। घटना के बाद तीन आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि एक को पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
इसके कुछ देर बाद, दो आरोपी फिर से लौटे और महिला गार्ड के साथ दुर्व्यवहार करने लगे। इस पर पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया और बाकी तीनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। रविवार को चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
स्मृति नगर चौकी प्रभारी गुरविंदर सिंह संधू ने बताया कि इस मामले में सौम्यदीप सिंह (20) निवासी अनुष्का रेजिडेंसी, अनंत शर्मा (20) निवासी नयापारा वार्ड 1, तेजपाल सिंह उर्फ तेजी (27) निवासी दीनदयाल कॉलोनी, और लखबीर सिंह उर्फ लक्की (19) निवासी चौहान ग्रीन वैली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी के बाद, पुलिस ने रविवार दोपहर चारों आरोपियों को लेकर कॉलोनी में जुलूस निकाला। स्थानीय निवासियों ने इस कार्रवाई की सराहना की और पुलिस से कठोर कदम उठाने की मांग की।
चौहान ग्रीन वैली की निवासी अनुराधा ने बताया कि दो दिन पहले ये चारों युवक शराब के नशे में कार से आए थे और जब उन्हें बिना एंट्री किए अंदर जाने से रोका गया, तो उन्होंने महिला गार्ड से अभद्रता की। पुलिस बुलाने पर उन्होंने पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की की और एक का अंगूठा तोड़ दिया। इसके बाद अतिरिक्त बल बुलाकर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

