नकल करवाने से इंकार करने पर छात्र ने सहपाठी की गोली मारकर की हत्या , मचा हडकंप...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : बिहार के सासाराम से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मैट्रिक के छात्र ने परीक्षा में नकल कराने से मना करने पर अपने सहपाठी को गोली मार दी। यह घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सासाराम जिले के डेहरी थाना क्षेत्र स्थित बुढन मोड़ इलाके में स्थित संत अन्ना स्कूल में मैट्रिक परीक्षा के लिए एक परीक्षा केंद्र बनाया गया था। 20 फरवरी को मातृभाषा (हिंदी, उर्दू) की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान, एक छात्र ने दो अन्य छात्रों से अपनी उत्तर पुस्तिका से नकल करने को कहा। जब उन्होंने इस मांग को अस्वीकार कर दिया, तो विवाद शुरू हो गया।

परीक्षा समाप्त होने के बाद, गुरुवार देर शाम धौड़ाढ थाना क्षेत्र के ताराचंडी के पास यह विवाद बढ़ गया। इस दौरान छात्रों के दो गुटों में झड़प होने लगी, जो मारपीट और फायरिंग में बदल गई। इस गोलीबारी में 16 वर्षीय छात्र अमित कुमार की मौत हो गई। मृतक के साथियों ने आरोप लगाया कि इस घटना को सुमित कुमार नाम के छात्र ने अंजाम दिया।

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परीक्षा कक्ष में एक छात्र ने नकल करवाने की मांग की थी, लेकिन अन्य छात्रों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद वह कुछ लोगों को लेकर परीक्षा केंद्र पर आया, लेकिन तब कोई झगड़ा नहीं हुआ। बाद में, जब परीक्षा देकर छात्र ऑटो से लौट रहे थे, तो आरोपी ने उन्हें रोककर धमकी दी और गोली मारकर फरार हो गया।

इस वारदात के विरोध में स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को सुअरा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही एएसपी कोटा किरण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस घटना में एक नाबालिग को गिरफ्तार भी किया गया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV